Press "Enter" to skip to content

आज सागर आएंगे CM डॉ. मोहन यादव: भूमिपूजन करेंगे राजकीय विश्वविद्यालय का, निरीक्षण करेंगे निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर का /#मध्यप्रदेश

सागर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को सागर आ रहे हैं। सागर में वे राजकीय विश्वविद्यालय का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही मकरोनिया के बड़तूमा में बन रहे संत रविदास मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से सागर में मकरोनिया के बड़तूमा में बन रहे संत रविदास मंदिर और संग्रहालय के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे।

जहां सीएम निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर व संग्रहालय के निर्माण कार्य का जायजा लेंगे। वहां से सड़क मार्ग से वे पीटीसी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय सागर का भूमिपूजन कर जनसभा को संबोधित करेंगे। जिसके बाद दोपहर 1.50 बजे मुख्यमंत्री डॉ. यादव हेलीकॉप्टर से धार के लिए रवाना होंगे।
सागर के आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज को बनाया गया विश्वविद्यालय
उच्च शिक्षा विभाग ने सागर समेत प्रदेश के तीन शहरों में राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। इनमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज सागर को रानी अवंती बाई विश्वविद्यालय सागर के रूप में कर दिया गया है। हालांकि आदेश में यह भी कहा गया कि लीडिंग कॉलेज विश्वविद्यालय की संगठक इकाई होगी यानी महाविद्यालय का अस्तित्व बना रहेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने जारी आदेश में कहा कि इन विश्वविद्यालयों में शिक्षा सत्र 2024-25 से शुरू होगा। यहां प्रवेश आगामी सत्र से ही शुरू हो जाएगा। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन अलग से जारी किया जाएगा। अपग्रेड के फलस्वरूप शासकीय महाविद्यालयों की सभी संपत्ति, रिकॉर्ड, देनदारी और महाविद्यालय में सत्र 2024-25 से प्रवेश लेने वाले स्टूडेंट्स विश्वविद्यालय के माने जाएंगे। विश्वविद्यालय में पदों की स्वीकृति और अन्य फाइनेंशियल इनवाल्मेंट वाले विषयों के लिए अलग से आदेश जारी किया जाएगा।
राजकीय विवि की कुलसचिव बनाई गई प्रो. शक्ति जैन
सागर में राजकीय विवि की सैद्धांतिक स्वीकृति जारी होते ही उच्च शिक्षा विभाग ने गर्ल्स कॉलेज सागर की अर्थशास्त्र की प्रोफेसर शक्ति जैन को कुलसचिव बनाया है। उन्हें अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय सागर के कुलसचिव का अतिरिक्त कार्यभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है।

More from BhopalMore posts in Bhopal »
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!