Press "Enter" to skip to content

फिर विवादों में जिपं सीईओ, कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी बुला ली रोजगार सहायकों की बैठक

ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की गतिविधियां ठप
सीईओ ने कम्युनिटी हॉल में बुलाई बैठक 

शिवपुरी। शिवपुरी जिला पंचायत सीईओ नेहा मराव्या का विवादों से नाता खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब नया विवाद कलेक्टर ओपी श्रीवास्वत के इस आदेश की ग्राम उदय से भारत उदय के बीच कर्मचारी व अधिकारियों की बैठक कोई भी विभागीय अधिकारी न बुलाए इसके बाद भी गुरुवार को जिपं सीईओ ने कम्युनिटी हॉल गांधी पार्क में रोजगार सहायकों की बैठक बुला ली। कलेक्टर के निर्देशों को धता बताते हुए एक तरफा बुलाई गई इस बैठक के कारण ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की हवा निकल गई है। गुुरुवार को जिपं सीईओ द्वारा अचानक बैठक बुलाए जाने के कारण ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की बैठकों व कृषि संगोष्ठियां ठप रहीं। अधिकतर रोजगार सहायक और अन्य कर्मचारी इस बैठक की तैयारियों को लेकर ही जिला मुख्यालय पर भटकते देखे गए। रोजगार सहायकों का कहना था कि जिपं सीईओ का फरमान था इसलिए उन्हें ग्राम उदय से भारत उदय अभियान से जुड़े सारे काम छोड़कर जिला मुख्यालय पर कम्युनिटी हॉल में आयोजित बैठक में आना पड़ा। बताया जाता है कि इस समय पंचायत विभाग के मुख्य सचिव राधेश्याम जुलानिया द्वारा विकास कार्यों को लेकर हर जिला पंचायत को टारगेट दिया गया है और इसी टारगेट को पूरा करने के लिए जिंप सीईओ ने ग्राम उदय से भारत उदय अभियान को भी ताक पर रख दिया।

सीएम के अभियान की निकली हवा

जिले की अफसरशाही के कारण इस समय सीएम शिवराज सिंह चौहान का अभियान ग्राम उदय से भारत उदय अभियान पूरी तरह से फ्लॉप शो साबित हो गया है। इस अभियान के तहत केवल कागजी ग्राम संसद, कृषि संगोष्ठियां और अधिकारियों के दौरे हो रहे हैं। ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और पटवारियों की हड़ताल के कारण ग्राम उदय से भारत उदय अभियान में जो भी गतिविधियां व बैठकें आयोजित होनी थी वह नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में गुरुवार को रोजगार सहायक जो गांव में काम कर रहे थे उन्हें भी बैठक के बहाने जिला मुख्यालय पर बुला लिया गया।

नहीं हो रही सही मॉनिटरिंग

कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव ने ग्राम उदय से भारत उदय अभियान में लगातार निष्क्रियता की शिकायतें के बाद ही यह फरमान निकाला था कि कोई भी वरिष्ठ अधिकारी इस समय विभागीय बैठकें न करें लेकिन फिर कुछ अफसर कलेक्टर के आदेश को नहीं मान रहे हैं। इसके अलावा कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की कोई मॉनिटरिंग भी नहीं कर रहे हैं। केवल कागज में ही यह अभियान चल रहा है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!