
शिवपुरी। सिटी कोतवाली अंतर्गत आने वाले मिर्ची बाजार में स्थित एक रुई की दुकान में अधेड़ का शव मिला है। अधेड़ की शिनाख्त अशोक जाधव के रूप में हुई है। अशोक के बारे में मिली जानकारी के अनुसार वह दिनभर यहां वहां घूमकर और रात में इसी दुकान में सोकर अपना जीवन यापन कर रहा था। हालांकि मृतक की शिवपुरी में ही कई बहनें निवासरत हैं बावजूद इसके वह अपना जीवन एकाकी ही बिता रहा था। मृतक के मां-बाप का पूर्व में निधन हो चुका है, उसके कोई बेटा नहीं है, तीन बेटियां हैं जो महाराष्ट्र के नासिक के आसपास अच्छे परिवारों में हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट करने की बात कह रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि रुई की दुकान में एक डेड बॉडी पड़ी है। पुलिस ने जब मौके पर आकर देखा तो मिर्ची बाजार स्थित मार्केट की रुई की दुकान जो दिलसाद पुत्र छोटे खां की है उसमें एक मृतक की लाश पड़ी है जिसके बारे में पता चला है कि यह अशोक पुत्र पोतालाल मराठा है जो रात्रि में यहीं सोता है। पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट का निशान नहीं मिला है फिर मृत्यु का सही कारण जानने के लिए पीएम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
शहर में ही कई बहनें फिर भी एकाकी जीवन
मिर्ची बाजार में जहां मृतक की लाश मिली वहां मृतक की कई बहनें भी आ गई थीं जो मृतक को अपना सगा भाई बता रहीं थीं। जब बहनों से पूछा गया कि वह कहां रहता था तो बहनों का कहना था कि उसका कोई ठिकाना नहीं था वह दिनभर कहीं भी घूमकर समय बिताता था, लेकिन रात्रि में इसी रुई की दुकान में सोता था। बहनों का यह भी कहना है कि इसकी पुत्रियां महाराष्ट्र के नासिक के आसपास अच्छे परिवारों में हैं। पिता की मृत्यु की सूचना मिलने पर वे हवाई जहाज से आ रही हैं। सवाल यह उठता है कि इतना भरापूरा और संपन्न परिवार का होने के बावजूद मृतक इस तरह से जीवन यापन करने को क्यों मजबूर था?
मृतक के गुप्तांग पर घाव से सवालिया निशान
मृतक अशोक की लाश पूरी तरह नग्न अवस्था में मिली है उसके शरीर पर चप्पल के निशान भी मिले हैं, इतना ही नहीं मृतक के गुप्तांग पर घाव भी हैं जिसमें चींटियां चल रही हैं। मृतक के गुप्तांग पर घाव और शरीर पर चप्पल के निशान इस मामले को संदिग्ध बता रहे हैं।






Be First to Comment