ग्वालियर,। जीवाजी विश्वविद्यालय के छात्रावास में बाहरी छात्रों के दखल और यहां की मैस से भोजन मंगाए जाने के मामले में यहां के छात्रों ने जांच समिति से इस तरह किसी भी दखल व घटनाक्रम से साफ इंकार कर दिया है। अलवत्ता समिति ने छात्रों को दो दिन का समय देकर इस मामले में गुप्त तौर पर जानकारी दिए जाने को कहा है।विदित है कि जेयू के आर्यभट्ट हॉस्टल से भोजन मंगाए जाने को लेकर वायरल हुए ऑडियो को लेकर विगत दिवस एनएसयूआई ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंप इस मामले में जांच की मांग की थी। एनएसयूआई नेताओं का कहना था कि यहां बाहरी छात्र आकर रुकते हैं। राजनीतिक गतिविधियों का संचालन होता है। इसी क्रम में जांच समिति के सदस्य डॉ.केशव सिंह गुर्जर,हेमंत शर्मा,राधा तोमर व प्रो.आरए शर्मा ने शाम 4 बजे आर्यभट्ट व रूप सिंह छात्रावास का निरीक्षण किया। छात्रों से चर्चा की और पूछा कि क्या यहां बाहरी छात्र आकर रात में रुकते हैं। छात्रों ने इस मामले में स्पष्ट इंकार किया कि ऐसा कुछ नहीं है। छात्रों ने बाहरी छात्रों द्वारा यहां से भोजन मंगाए जाने की बात को भी नकार दिया।
गुप्त तौर पर दें जानकारी
डीएसडब्ल्यू केशव सिंह गुर्जर ने छात्रों के इंकार के बाद भी इस मामले में दो दिन में गुप्त तौर पर जानकारी देने को कहा है। उन्होंने कहा है कि यदि कुछ ऐसा है जो सबके सामने बताने में छात्रों को संकोच है तो वह उन्हें फोन पर या पत्र के जरिए बता दें। उनका नाम गुप्त रखा जाएगा।





Be First to Comment