
सीसीटीव्ही कैमरे भी नहीं आए काम
शिवपुरी। पुलिस ने शहर में सुरक्षा की दृष्टि से 171 सीसीटीव्ही कैमरे लगाकर दावे किए थे कि कैमरों की नजर से कोई भी अपराधी नहीं बच सकेगा, लेकिन बदमाशों में न तो पुलिस का खौफ है और न ही कैमरों का। बीती रात्रि अस्पताल चौराहे पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने बेखौफ अंदाज में सड़क पर मोबाइल से बात करते जा रहे युवक का मोबाइल छीन लिया और बाइक से फर्राटे भरकर फरार हो गए। जिनका सुराग पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीव्ही कैमरे भी नहीं लगा सके। हालांकि पुलिस ने मामले में भादवि की धारा 392, 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार इंदौर के हीरानगर निवासी अंकित पुत्र ओमप्रकाश बरेठिया शाम करीब पौने आठ बजे अग्रसेन चौराहे से अस्पताल की ओर जा रहा था तभी पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसके हाथ पर झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और वहां से भाग गए। अचानक हुई इस घटना से अंकित चौंक गया और उसने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन बदमाश बाइक को तेज रफ्तार में वहां से भगा ले गए। इसके बाद पीडि़त युवक सीधा कोतवाली पहुंचा जहां उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उक्त मामले में प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।






Be First to Comment