खेत में बैल घुसने को लेकर हुए विवाद में युवक की पिटाई

शिवपुरी। बैराड़ के ग्राम दरगवां में बीते रोज एक आरोपी ने युवक की लाठियों से मारपीट कर दी। यह घटना आरोपी के बैल फरियादी के खेत में घुसने के बाद हुए मुंहबाद के दौरान घटित हुई। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित युवक की रिपोर्ट पर आरोपी बैल मालिक के खिलाफ भादवि की धारा 323, 294, 506 सहित 3(1) द, 3(1) ध, 3(1) व्हीए, एससी एसटी एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी रघुवीर पुत्र कल्याण जाटव अपने मालिक कन्हैया यादव के खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी अमर सिंह पुत्र बारे यादव निवासी ककरई ने अपने बैलों को खेत में छोड़ दिया। यह देख पीड़ित ने बैलों को वहां से खदेड़ना शुरू किया तो आरोपी अमर सिंह ने विरोध शुरू कर मुंहबाद करने लगा। जिस पर पीड़ित ने उसे उसकी गलती का अहसास कराया तो आरोपी उत्तेजित होकर उसे जाति सूचक गालियां देने लगा और इसके बाद उसने लाठी से फरियादी पर हमला बोलकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घटना के बाद पीड़ित इतना सहम गया कि वह सीधा अपने घर चला गया, लेकिन कल सुबह  जब परिवार के लोगों ने उसे हिम्मत बंधाई तो वह रिपोर्ट दर्ज कराने तैयार हुआ और थाने आ गया जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कायमी कर ली है।