
खनियांधाना:– नगर में सरकार द्वारा गरीबों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का जनप्रतिनिधि किस प्रकार दुरुपयोग कर रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खनियांधाना नगर परिषद के उपाध्यक्ष सज्जाद अली का नाम बीपीएल कार्ड की सूची में दर्ज है।
यह जानकारी पार्षद पति ने सूचना के अधिकारी के तहत निकलवाई और अब सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में सज्जाद अली ने कहा कि वह नियमानुसार बीपीएल सूची में आते हैं। साथ ही कुछ पार्षदों द्वारा उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है, क्योंकि उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत परिषद में हुए घोटाले की जानकारी ली थी।
सूचना के अधिकारी से मिली जानकारी
खनियांनाधाना के वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद पति आशीष सेन को किसी ने जानकारी दी कि नगर परिषद उपाध्यक्ष का नाम बीपीएल कार्ड की सूची में है। इस पर उन्होंने आरटीआई के तहत जानकारी मांगी, जिसमें जानकारी में उन्होंने बीपीएल की सूची में उपाध्यक्ष का नाम पाया। उन्होंने सीएमओ से कार्रवाई की मांग की।
पात्र लगा रहे चक्कर, नहीं बन रहे कार्ड
नगर में कई गरीब परिवार हैं, जिनके पास मकान, रोजगार तक नहीं है, वो लोग अपना बीपीएल कार्ड बनवाने के लिए तहसील से लेकर नगर परिषद के कई चक्कर लगा चुके हैं, मगर उनके बीपीएल कार्ड आज तक नहीं बने। मगर पहले 2 बार पार्षद रह चुके और वर्तमान नगर उपाध्यक्ष का नाम गरीबी रेखा से नीचे के लोगों में दर्ज है। सज्जाद अली वार्ड नंबर 14 से पार्षद भी है। उपाध्यक्ष का बीपीएल कार्ड बनना भी अपने आप में जांच का विषय है।
आखिर कैसे बन गया बीपीएल कार्ड
बीपीएल कार्ड में नाम दर्ज होने के लिए पटवारी अपनी टीप लगाता है। इसके बाद तहसीलदार इसे जारी करता है यदि आवेदक के द्वारा कोई गलत जानकारी दी जाए तो उठाए सजा का भी प्रावधान है। मगर पक्का मकान, गाड़ी से लेकर सारी सुविधाओं के बावजूद कैसे उपाध्यक्ष का नाम इस सूची में आ गया, ये भी जांच का विषय है। नगर परिषद में पिछले ढाई साल से कांग्रेस की परिषद है, मगर ये मामला अभी तक सामने नहीं आया।
इनका कहना है
नगर में और कई ऐसे लोग है, जो गरीबों की योजनाओं पर डाका डाल रहे हैं। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए।
भानू जैन, मंडल अध्यक्ष भाजपा खनियांधाना
हमारे पास इस संबंध में कोई आवेदन नहीं आया है। यदि आवेदन आता है तो कार्रवाई की जाएगी।
संजीव जैन, एसडीएम
ऐसे लोगों पर कार्रवाई होना चाहिए, जो पात्र लोगो का हके छीनकर डकार रहे हैं।
प्रदीप जैन, पार्षद वार्ड नं 8
ऐसे लोगों पर कार्रवाई होना चाहिए जो पात्र लोगों का हक छीनकर डकार रहे हैं।
इस संबंध में पूर्व कलेक्टर राजीवचंद्र दुबे से कहा था कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई होना चाहिए।
शेलेन्द्र प्रतापसिंह, नगर परिषद अध्यक्ष
पार्षद के द्वारा सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी थी जो मैंने दे दी है, आगे परिषद जाने क्या करना है।
सतीश दुबे, सीएमओ खनियाधांना
ये जन प्रतिनिधि है और गरीब लोगों के हक पर डाका डाल रहे हैं। इन लोगों पर कार्रवाई होना चाहिए।
आशीष जैन पार्षद वार्ड नंबर-1
मेरे द्वारा नगर परिषद में हुए 3 से 4 करोड़ के भ्रष्टाचार की शिकायत एसडीएम कोर्ट में की है, जिसके कारण नगर परिषद मेरे पीछे पड़ी है। मैं बीपीएल की पात्र सूची में आता हूं। परिषद चाहे तो इसकी जांच करा सकती है।
सज्जाद अली, नगर परिषद उपाध्यक्ष






Be First to Comment