
शिवपुरी। पिछोर के नरसिंह मंदिर के सामने ज्वैलर्स की दुकान संचालित करने वाले दुकानदार की दुकान से बीते रोज दो युवकों ने दो तौले सोने से निर्मित आभूषण चोरी कर लिए। उक्त दोनों युवक ग्राहक बनकर उसकी दुकान पर पहुंचे थे जहां उन्होंने दुकानदार से सोने की हाय बनवाने के लिए कहा और जब ज्वैलर्स उक्त सामान को बनाने लगा तो चोरों ने मौके का फायदा उठाकर सोने के आभूषण चोरी कर लिए और दुकानदार से यह कहकर वहां से निकल गए कि वह उनका सामान तैयार करके रखे तब तक वह बाजार से खरीददारी के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में दोनों अज्ञात चोरों के खिलाफ भादवि की धारा 379 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रकाश पुत्र बैजनाथ सोनी निवासी रेंज मार्केट बीते 7 अगस्त को अपनी दुकान पर बैठे थे जहां दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दो युवक दुकान पर आए जिन्होंने प्रकाश से बच्चों को पहनाने वाली सोने की हाय दिखाने के लिए कहा जिस पर प्रकाश ने एक डब्बा उनके सामने रख दिया जिसमें एक हाय का डिजाइन उन्होंने पसंद किया और प्रकाश से कहा कि इस तरह की हाय बनाकर वह उन्हें दे दें। चोरों ने उक्त हाय की रेट भी तय कर ली जिस पर प्रकाश चोरों के समक्ष अपने सोने आयटमों से भरा डब्बा वहीं छोड़कर हाय बनाने में लग गया। इसी दौरान चोरों ने डब्बे में रखा एक सोने का पैंडिल, एक सोने की कान की बाली बजनी 2 तौला उठा ली। इसके बाद दोनों युवकों ने प्रकाश से कहा कि वह उनका सामान तैयार करके रखे तब तक वह मार्केट से खरीददारी कर लेते हैं। इसके बाद दोनों चोर वहां से चले और काफी देर तक वापिस नहीं आए। जब प्रकाश ने वहां रखे डिब्बे को देखा तो उसमें से सामान गायब मिला जिस पर उसने उक्त युवकों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा तो कल प्रकाश ने घटना की शिकायत थाने में आकर दर्ज करा दी।






Be First to Comment