Press "Enter" to skip to content

एकाएक भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी के निष्कासन का मामला चर्चा में

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा हमने नहीं किया कोई निष्कासन
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में भाजपा की एक महिला मोर्चा पदाधिकारी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित किए जाने का मामला एकाएक सुर्खियों में आ गया है। शिवपुरी भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी इस महिला पदाधिकारी को पार्टी से क्यों निकाला गया है इसको लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं लेकिन भाजपा महिला मोर्चा की जिलाघ्यक्ष बीनू शर्मा का कहना है कि हमने वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर यह निष्कासन की कार्रवाई की है। भाजपा महिला मोर्चा शिवपुरी की जिलाध्यक्ष बीनू शर्मा ने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रतिभा जैन को निष्कासित कर दिया गया है। निष्कासन को लेकर जिलाध्यक्ष बीनू शर्मा ने बताया कि भोपाल से महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेताओं से मिले निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की गई है। जब जिलाध्यक्ष से इस संबंध में निष्कासन का कारण जानना चाहा तो महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने इतना ही कहा कि मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकती है ऊपर से जो निर्देश आए उसके आधार पर प्रतिभा जैन को पद से हटाया गया है। जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी का कहना है कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है जबकि किसी व्यक्ति को हटाया जाता है तो उसको पहले नोटिस दिया जाता है, लेकिन जब महिला को कोई नोटिस दिया नहीं गया तो कैसे हम हटा मानें, वहीं जिलामहामंत्री ओमी गुरू का कहना है कि यदि निष्कासन का कोई पत्र प्रतिभा को मिला नहीं है उसे हम कैसे निष्कासन कहें। यह तो आपसी द्वेष भावना का मामला है। एक ओर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बीनू शर्मा ने प्रतिभा जैन के निष्कासन की बात कही वहीं दूसरी ओर प्रतिभा जैन के निष्कासन के कारण जानना चाहे तो जिलाध्यक्ष यह बात छुपाती नजर आईं। वहीं सूत्रों ने बताया है कि इसके पीछे ग्वालियर का कोई पत्र कांड बताया जा रहा है इसमें एक मंत्री का नाम भी सामने आ रहा है। ऐसे में भाजपा के स्थानीय नेता पूरे मामले को दबाते नजर आ रहे हैं। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बीनू शर्मा ने केवल इतना कहा कि इस मामले में ज्यादा जानकारी संगठन के नेता दे पाएंगे और उन्होंने असली बजह का खुलासा करने से इंकार कर दिया। वहीं प्रतिभा जैन ने कहा- मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं इस मामले में महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रतिभा जैन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें उनके निष्कासन की कोई जानकारी नहीं है। उनका कहना था कि पार्टी से न तो उन्हें ऐसा कोई पत्र मिला है और न ही कोई सूचना है। उन्होंने कहा कि वह तो अभी भी पार्टी की महिला मोर्चा की महामंत्री हैं। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!