मुख्यमंत्री खेत-तालाब योजना में हो रहा जमकर फर्जीवाड़ा
शिकायत के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं

सचिन मोदी, खनियांधाना, जनपद पंचायत खनियाधाना के अंतर्गत आने वाली 101 ग्राम पंचायतों में से अधिकांश पंचायतों में इन दिनों जमकर फर्जीवाड़ा चल रहा है ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की जगह मशीनों से काम कराया जा रहा है तथा फर्जी कागज लगाकर सरकारी राशि का जमकर दुरुपयोग हो रहा है । शिकायत करने के लिए जब कोई ग्रामीण जनपद कार्यालय में जाते हैं तो ना तो वहां पर जनपद सीईओ कभी मौजूद रहती हैं तथा यदि आवेदन भी देते हैं उस पर कोई कार्यवाही नहीं होती ।

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत देवरी के अशोक सिंह पुत्र रूप सिंह यादव ने शिकायत करते हुए बताया की ग्राम पंचायत देवरी में सरपंच तथा सचिव , सहायक की मिलीभगत से मुख्यमंत्री खेत-तालाब योजना के अंतर्गत जो तालाब खुदवाए जा रहे हैं उनमें खुलेआम जेसीबी मशीनों से काम कराया जा रहा है जबकि गांव के मजदूरों का रोजगार का हक छीना जा रहा है जिसकी शिकायत उन्होंने जनपद सीईओ सहित जिला कलेक्टर के सम्मुख जनसुनवाई में भी की है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई । यही नहीं ग्राम देवरी में शौचालयों के नाम पर राशि तो निकाल ली गई लेकिन आज तक एक भी शौचालय पूर्ण नहीं दिख रहा है तथा हाल ही में निर्मित सीसी रोड में गुणवत्ता की कमी के कारण तत्काल ही वह उखड़ रही है जिससे प्रतीत हो रहा है कि कार्यों में निर्माण कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने कई बार की लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई ।
ग्राम पंचायत देवरी के सहायक सचिव राजू झा ने बताया कि शिकायतकर्ता अपने खेत में खेत तालाब योजना के अंतर्गत तालाब खुदवाना चाहता था लेकिन बारिश शुरू हो जाने के कारण शासन ने इस योजना पर अभी रोक लगा दी है तथा टीएस देना बंद कर दिया है इसलिए उसको मना कर दिया जिस से खफा होकर वह बार-बार शिकायतें कर रहा है जो सर्वथा निराधार है
इनका कहना है
ग्राम के लोगों ने जो शिकायत की है उसके लिए मैं शीघ्र ही एक “जांच टीम गांव में भेजूंगी तथा वहां हुए कार्यों की जांच कराऊंगी तथा मशीनों द्वारा निर्माण कार्य ना हो इसके लिए में सरपंच सचिव को निर्देशित करूंगी”
नविता शिवहरे , सीईओ जनपद पंचायत , खनियांधाना
” मैंने तो अभी कुछ दिन पूर्व ही ग्राम पंचायत सचिव का कार्यभार संभाला है तथा इस दौरान कोई भी मशीनों से कार्य नहीं कराया गया है इसके पूर्व की कोई शिकायत हो तो वह मुझे जानकारी में नहीं है “
राजकुमार यादव
सचिव , ग्राम पंचायत देवरी







Be First to Comment