
विरोध का साहस जुटाया तो परिजनों के साथ मिलकर पीडि़ता व उसकी मां को पीटा
शिवपुरी। एक युवक का दुस्साहस देखिए कि उसने एक बार युवती के साथ दुष्कर्म कर दिया जब युवती ने डर के कारण इस बात की किसी ने शिकायत नहीं की तो वह पुन: युवती के घर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने पहुंच गया। जब युवती ने साहस दिखाते हुए विरोध किया तो आरोपी ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर पीडि़ता व उसकी मां के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने युवती की रिपोर्ट पर से तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिजरौनी की रहने वाली एक 18 वर्षीय युवती के साथ गांव के ही रहने वाले मनीष चिड़ार ने 6 अप्रैल को दोपहर के समय पावर हाउस में लेकर जाकर दुष्कर्म कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने युवती को इतना डरा धमका दिया कि उसने किसी से घटना का जिक्र ही नहीं किया। इससे आरोपी के हौंसले बुलंद हो गए और वह शनिवार को युवती के घर पहुंच गया और पुन: युवती से शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, जब युवती ने इस बात का विरोध किया तो उसने युवती के साथ मारपीट कर दी। आवाज सुनकर युवती की मां भी मौके पर आ गई। कुछ देर में आरोपी युवक मनीष का भाई आशीष चिड़ार और पिता कल्लू भी मौके पर आ गए और तीनों ने मिलकर युवती एवं उसकी मां के साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। रविवार को थाने पहुंचकर युवती ने अपनी आपबीती पुलिस को बताई और पुलिस ने युवती की रिपोर्ट पर से आरोपियों के खिलाफ धारा 376, 323, 294, 506, 452, 34, एवं 3(2)5, 3(2)(5क) एससीएसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।






Be First to Comment