सिंधिया जी कोई विकास के कार्य नहीं करते, सिर्फ भूमिपूजन का सुख प्राप्त करते रहते हैं: रघुवंशी

शिवपुरी। हमारे सांसद को जिताने के बाद जनता दर्शनों को तरसती है। कोई विकास कार्य नहीं करते हैं। केन्द्र और प्रदेश की योजनाओं के भूमिपूजन का सुख प्राप्त करते रहते हैं सिंधिया जी। उनकी तो कोई योजना हो नहीं सकती क्योंकि केन्द्र और प्रदेश में सरकार भाजपा की है। चूंकि वह जनप्रतिनिधि है इसलिए उनको यह अधिकार प्राप्त हैं कि वह हमारी भारती जनता पार्टी की योजनाओं का भूमिपूजन कर सकें बाकी इनके कोई प्रयास क्षेत्र के लिए नहीं होते, उक्त बात भाजपा के कोलारस से प्रत्याशी पूर्व विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। सांसद सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए श्री रघुवंशी ने कहा कि जब सिंधिया जी केन्द्र में मंत्री थे तब देश के दो बड़े उद्योग एक राजगढ़ में और दूसरा बीना में स्थापित हुआ। यदि सिंधिया जी चाहते तो वे इन्हें अपने संसदीय क्षेत्र में लगवा सकते थे, लेकिन उन्होंने इसके लिए प्रयास नहीं किए। इससे बड़ा दुर्भाग्य क्षेत्र की जनता के लिए नहीं हो सकता। श्री रघुवंशी ने कहा कि अब क्षेत्रवासी जान चुके हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के रहते विकास नहीं हो सकता। अब सरकारों को जिताने के साथ-साथ सांसद को भी जिताकर लोकसभा में भेजना होगा। अबकी बार हमने संकल्प लिया है कि इस बार हम सांसद भी भाजपा का बनाएंगे। 
श्री रघुवंशी ने कहा कि मैं क्षेत्रवासियों को यही स्मरण कराना चाहता हूं कि सरकार नीति एवं विकास की योजनाओं के सही ढंग से क्रियान्वयन के लिए विधायक की जरूरत होती है। आने वाले समय में पूरा प्रदेश और देश निश्चित रूप से मान रहा है कि प्रदेश में चौथी बार शिवराज सिंह जी की सरकार और केन्द्र में पुन: मोदी जी की सरकार बनेगी। इस क्षेत्र के मतदाता भाई बहनों से मेरा यही अनुरोध है कि उपचुनाव के दौरान जितनी घोषणा की गई थीं उनमें 75 प्रतिशत पर काम हो रह है और कुछ फाइलें प्रचलन में हैं। आगे विकास कार्य हमारी दोनों सरकारों से मैं विधायक के रूप में ला पाऊं इसके लिए मुझे सभी के आशीर्वाद की जरूरत होगी। 
श्री रघुवंशी ने कहा कि मेरी क्षेत्रवासियों से यही अपील है कि मुझे भारतीय जनता पार्टी द्वारा आप सबकी मांग और आशीर्वाद पर जनसेवा को देखकर प्रत्याशी बनवाया है और आप ही मुझे विजयी बनाएंगे। मैं एक संकल्प मीडिया के माध्यम से भेजना चाहता हूं कि जनसेवा, विकास और न्याय तीनों में मैं कोई कमी नहीं रखूंगा। जैसा मेरा स्वभाव है जैसी मेरी आदत है पिछले 19 साल से मैं जनसेवा में हूं राजनीति में हूं मैंने हमेशा कुछ न कुछ करके दिखाने की कोशिश की है। आप मुझे शक्ति प्रदान करोगे तो मैं इससे भी 10 गुना ज्यादा काम करने का संकल्प लेता।