खनियांधाना। खबर जिले के खनियांधाना तिराहा स्थित एसबीआई शाखा से रुपए निकालकर घर जा रहे एक व्यक्ति से अज्ञात बदमाशों ने 49 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गए। यह रुपए बैग में रखे थे। मौके पर चीख-पुकार के बावजूद बदमाश भाग निकले, बाद में इस आशय की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर हीरालाल शर्मा (45) निवासी बहर्रा खनियांधाना के तिराहा स्थित एसबीआई बैंक से राशि निकालने आए थे। बैंक से उन्होंने 49 हजार रुपए निकाले और बाद में सब्जी लेकर एक परचित बाइक सवार से लिफ्ट मांगी और ग्राम बहर्रा के लिए निकल पड़े, लेकिन बाइक सवार ने उन्हें तीन किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बुकर्रा में उतार दिया। यहां से जब हीरालाल आदिवासी बस्ती से होकर पैदल अपने गांव बहर्रा जा रहे थे, तभी रास्ते में आए दो बदमाशों ने उनके हाथ में मौजूद बैग छीन लिया और भाग खड़े हुए। हीरालाल के मुताबिक उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए नहीं आया। बाद में वह खनियांधाना लौटे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई थी।






Be First to Comment