Press "Enter" to skip to content

पुलिस ने दिखाई मानवीयता, पीडि़त महिला को दिए हाथठेले


शिवपुरी। पुलिस को पुलिसिया कार्यों के लिए जाना जाता है, लेकिन यदि पुलिस किसी पीडि़त गरीब की मदद करती है तो सभी की नजरों में सम्मान की हकदार भी बनती है ऐसा ही एक ऐसा मामला शहर में सामने आया जब पुलिस ने एक गरीब महिला भूरी जाटव और उसके पुत्र को हाथ ठेले प्रदान किये। दरअसल फिजिकल पुलिस चौकी क्षेत्र के घोसीपुरा इलाके में 10 दिन पहले इस गरीब विधवा महिला के दो ठेले रात को किसी ने जला दिए थे जिन पर वो सब्जी बेचने का काम करती थी। इन ठेलों के जल जाने से उसके सामने दो जून की रोटी के लाले हो गये। जब उक्त महिला फिजीकल चौकी में अपनी रिपोर्ट लिखाने गई और अपनी पीड़ा फिजीकल चौकी प्रभारी विकास यादव के समक्ष बयां की। महिला की स्थिति जानने के पश्चात श्री यादव के मन में पुलिस के कर्तव्य से हटकर मानवीयता का भाव मन में आया और महिला के लिए कुछ अलग करने की ठानी। इसके बाद श्री यादव द्वारा महिला एवं उसके पुत्र को दो ठेले बनाकर देने का निर्णय लिया और अपने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसी तारतम्य में आज फिजीकल चौकी में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे ने महिला एवं उसके पुत्र को ठेला दिए। ठेला मिलने के बाद दोनों की आंखों से खुशी के आंसू निकलने लगे। 

क्या कहती है पीडि़ता
ठेले जलने के बाद मैंने सोचा भी नहीं था कि मुझे दुबारा अपने ठेले मिलेंगे, लेकिन पुलिस द्वारा हमें ठेले देने के बाद बहुत खुशी हुई है।
भूरी जाटव, पीडि़त महिला
इनका कहना है
इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। पुलिस कार्यवाही तो हो ही रही है लेकिन जब तक इस महिला को पेट भरने की व्यवस्था करने के लिए मानवीयता के आधार पर इसके जले हुए ठेलो को नया करवा कर दिया है जिससे इसकी रोजी रोटी चलती रहे।
सुनील कुमार पांडे
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी


-वरिष्ठ अधिकारियों की प्रेरणा से मेरे द्वारा महिला को ठेले देने का कार्य किया जिससे वह अपना रोजगार चलाकर परिवार का पालन पोषण कर सके।
विकास यादव, 
चौकी प्रभारी फिजीकल
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!