Press "Enter" to skip to content

कोलारस में दौरा और प्रचार करने जरूर आएंगी खेल मंत्री यशोधरा राजे, पत्रकारों से चर्चा में प्रभात झा ने कहा कोलारस में पत्रकारों से चर्चा में बोले झा- कोलारस और मुंगावली में जीत हमारा टारगेट

शिवपुरी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य सभा सांसद प्रभात झा ने कहा है कि कोलारस और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव जीतना भाजपा का टारगेट है और हमारे प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने इसे प्रमुख एजेंडे में रखा है। कोलारस में रविवार को पत्रकारों से चर्चा में प्रभात झा ने यह बात कही। मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रभात झा ने कहा कि कोलारस में होने वाले उपचुनाव में खेल मंत्री और इस इलाके की प्रभावशाली नेता यशोधरा राजे सिंधिया प्रचार में जरूर आएंगी। उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा को यशोधरा राजे सिंधिया का पूरा समर्थन है और आने वाले समय में वह कोलारस में चुनाव प्रचार करने जरूर आएंगी। श्री झा ने कहा कि यशोधरा राजे हमारी पार्टी की नेता हैं और प्रदेश सरकार में केबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि जब यहां पर सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता पार्टी का प्रचार और काम कर रहा है तो वह भी जरूर आएंगी। श्री झा ने कहा कि कोलारस से पार्टी किसे टिकट देगी यह चुनाव प्रबंधन समिति और हाईकमान तय करेगा। पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, देवेंद्र जैन, विधायक प्रहलाद भारती, नरेंद्र बिरथरे, जितेंद्र जैन गोटू, अजय खेमरिया, राकेश राठौर सहित भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे। 

बॉक्स

खेल मंत्री की अनुपस्थिति पर बचाव करते दिखे प्रभात झा

कोलारस में सीएम शिवराज सिंह चौहान के दो कार्यक्रम हो चुके हैं लेकिन इन दोनों कार्यक्रमों में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया अनुपस्थित रहीं। जब पत्रकारों ने झा से पूछा तो वह बचाव करते नजर आए। श्री झा ने कहा कि खेल मंत्री के समधाने कर्नाटक में इन दोनों दिन कुछ पारिवारिक कार्यक्रम थे इसलिए वह सीएम के कार्यक्रम में नहीं आ पाईं लेकिन आने वाले समय में खेल मंत्री की उपस्थिति दिखेगी। 

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!