कोलारस। बदरवास सिंध के घाट से खनन माफियाओं द्वारा बड़ी संख्या में दिन रात अवैध खनन किया जा रहा है। खास बात यह है कि इन कारोबारियों पर पूर्व में पकड़े जाने पर जुर्माने की कार्रवाई होने के बाद भी, ये फिर से जमकर खनन करने लगे हैं और रेत माफिया रेत का अवैध धंधा करने में जुटे हुए हैं। प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर रात के अंधेरे में रेत माफिया द्वारा इस काम को अंजाम दिया जा रहा है।
बदरवास में सिंध नदी से सबसे अधिक रेत का उत्खनन किया जा रहा है। रेत परिवहन के मार्ग पर आने वाले ग्रामों के ग्रामीणों को तेज गति से फर्राटे भरते इन रेत के ट्रैक्टरों से दुर्घटना होने की चिंता सता रही है। सूत्रों के अनुसार माफियाओं की दबंगई इतनी अधिक है कि एक दो कर्मचारी तो इनके ट्रैक्टरों को रोकने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाते हैं। क्योंकि माफियाओं द्वारा शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने की कई घटनाएं सुनने को मिलती रही है। क्षेत्र में इस वक्त रेत और लाल मुरम के धंधे में लगभग 30 ट्रैक्टर दिन रात लगे हुए हैं। जिनके द्वारा अभी भी इस क्षेत्र में हजारों ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण कर रखा है।





