विधायक महेन्द्र सिह कालुखेडा का निधन, मेदांता अस्पताल में चल रहा था इलाज …
भोपाल| पूर्व मंत्री महेन्द्र सिह कालूखेडा का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार कालूखेड़ा जावरा में किया जाएगा। पिछले 20 दिन से उनका इलाज चल रहा था| अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा सीट से विधायक थे| मप्र कांग्रेस में वरिष्ठ विधायक के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहे हैं| कालूखेड़ा के निधन से प्रदेश की राजनीति को बड़ा नुकसान हुआ है| कांग्रेस में शोक की लहर है|
कांग्रेस सहित प्रदेश की राजनीति में कालूखेड़ा चर्चित नाम था। वे विधानसभा में लोक लेखा समिति के सभापति थे। पिछले दिनों हृदयाघात के बाद उन्हें भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था| श्री कालूखेड़ा रतलाम के जावरा से तीन बार और दो बार मुंगावली से विधायक रहे। वे गुना संसदीय सीट से सांसद भी रहे। दिग्विजय सिंह के मंत्रिमंडल में वे कृषि, सहकारिता और स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री भी रहे।
सीएम ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कालूखेड़ा के निधन पर ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है| उन्होंने लिखा है “विधान सभा में विपक्ष की मुखर आवाज़ रहे साथी श्री महेंद्र सिंह कालूखेड़ा का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि!”
अजय सिंह बोले-कांग्रेस ने निष्ठावान सिपाही को खो दिया
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने वरिष्ठ विधायक तथा पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मैंने एक अच्छा साथी, प्रदेश ने बेहतर जनप्रतिनिधि और कांग्रेस ने निष्ठावान सिपाही को खो दिया है जिसकी क्षतिपूर्ति नहीं हो सकती | श्री सिंह ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है ।






Be First to Comment