-देश भर के जैन धर्मावलंबी पहुँच रहे खनियाधाना

खनियाधाना ( शिवकांत सोनी )
जैन समाज द्वारा 21 मई से 7 जून तक आयोजित किया जाने वाला अठारह दिवसीय श्री वीतराग विज्ञान आध्यात्मिक शिक्षण-प्रशिक्षण शिविर एवं समयसार , प्रवचनसार नियमसार मंडल विधान आज प्रारम्भ हो गया । आज उदघाटन के अवसर पर नगर के नया जैन मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली गयी जिसमें जहाँ एक तरफ पुरुष वर्ग अपने कंधो पर जिनेन्द्र भगवान का रजत रथ ले कर भक्ति संगीत के साथ चल रहे थे वहीँ दूसरी ओर महिलायें अपने सिर पर मंगल कलश ले कर चल रहीं थीं । शोभायात्रा पूरे नगर में घूम कर कार्यक्रम स्थल श्री नंदीश्वर जिनालय चेतनबाग पहुंची जहां पहुँच कर श्री जी का अभिषेक , पूजन कर के ध्वजारोहण किया गया जिसको आदेश जैन वत्सल , कमिश्नर अहमदाबाद द्वारा संपन्न किया गया । पांडाल का उदघाटन कपूर चंद चौधरी परिवार द्वारा तथा विधान का उदघाटन राकेश जैन परिवार , बानपुर द्वारा किया गया । इसके बाद वेदी पर मंगल कलश विराजमान किये गए ।
अठारह दिवसीय शिक्षण प्रशिक्षण शिविर के उदघाटन का कार्यक्रम मुख्य पांडाल में सम्पन्न हुआ जिसमें अध्यक्ष के रूप में देश विदेश में ख्याति प्राप्त विद्वान डा. हुकम चंद्र भारिल्ल जी , जयपुर तथा मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक के. पी. सिंह ( कक्काजू ) मंच पर मौजूद थे । कार्यक्रम में बाल ब्र. अभिनंदन कुमार जी शास्त्री , बाल ब्र. सुमत प्रकाश जी , बाल ब्र. जतीश चंद जी शास्त्री , पं. अभय कुमार जी शास्त्री , पं. राकेश जी नागपुर , पं परमात्म प्रकाश जी भारिल्ल , पं. कमल चंद जी पिड़ावा , डाँ. अशोक जी इंदौर , पुष्पेन्द्र जैन ठेकेदार हरियाणा भी उपस्थित रहे । सभी अतिथियों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र पहना कर स्वागत शिविर समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद जैन गुना , राजकुमार जैन पड़हार संतोष जैन , सुनील सरल , दीपक व्या द्वारा किया गया । कार्यक्रम में विधायक के.पी. सिंह ने अपने उदबोधन में कहा कि मेरे क्षेत्र में जैन समाज का इतना बड़ा आयोजन होना गौरव की बात है तथा छोटे से नगर में शिविरार्थियों को कोई परेशानी नहीं हो ये मेरी भी जिम्मेदारी है तथा यहाँ से जो भी शिविरार्थी सीखें उसका प्रचार प्रसार सम्पूर्ण भारत वर्ष में करेंगे ये अत्यंत ख़ुशी की बात है । कार्यक्रम में डाँ.हुकम चंद जी भारिल्ल ने अपने वक्तव्य में शिविर की उपयोगिता व रूपरेखा पर विचार रखते हुये इसकी महत्वता बतायी । कार्यक्रम का संचालन पं. राकेश जी शास्त्री , दिल्ली ने किया ।
प्रतिदिन सुबह से रात्रि तक चलेंगी धार्मिक कक्षायें
शिविर समिति के मीडिया प्रभारी सचिन मोदी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे प्रौढ़ कक्षा से लेकर रात्रि 10 बजे तक विभिन्न कक्षाओं का संचालन किया जायेगा जिसमे देश भर से पधारे करीब एक हजार शिविरार्थियों के अलावा स्थानीय जैन समाज में महिला , पुरुष भाग लेंगे । इस शिविर के माध्यम से सैकड़ो लोग जैन धर्म के गूढ़ सिद्धांतों को समझेंगे व पूरे देश में प्रचार प्रसार करेंगे । इसके अलावा प्रतिदिन सुबह से श्री समयसार , नियमसार , प्रवचनसार मंडल विधान का संगीतमय आयोजन किया जाएगा तथा पूज्य गुरुदेव श्री के मांगलिक प्रवचनों का प्रतिदिन प्रसारण किया जाएगा ।






Be First to Comment