Press "Enter" to skip to content

मुनिश्री अजित सागर जी महाराज के ससंघ सानिध्य में  सर्वोदय तीर्थक्षेत्र गौशाला खनियांधाना में वार्षिक विमानोत्सव आज

खनियांधाना। नगर के पिछोर रोड पर स्थित जैन सर्वोदय तीर्थक्षेत्र गौशाला में वार्षिक विमानोत्सव का भव्य कार्यक्रम आज 4 जनवरी गुरुवार को आयोजित किया जा रहा है इस कार्यक्रम में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनि श्री 108 अजीत सागर जी महाराज, ऐलक दया सागर जी तथा ऐलक विवेकानंद सागर जी महाराज का मंगल सानिध्य प्राप्त होगा। संपूर्ण कार्यक्रम के प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी अविनाश भैया जी भोपाल तथा मंच संचालन कवि चंद्रसेन जैन भोपाल करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में श्री एस के जैन पूर्व डीआईजी दिल्ली पुलिस तथा राकेश कुमार जैन प्रख्यात वास्तु शास्त्री दिल्ली उपस्थित रहेंगे।

आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज के आशीर्वाद व मुनिपुंगव सुधासागर जी महाराज की प्रेरणा से जून 2012 में खनियाधाना के पिछोर रोड पर सर्वोदय ज्ञान तीर्थ क्षेत्र की स्थापना हुई थी। इसी क्रम में वर्ष 2017 में आचार्य विद्यासागर पब्लिक स्कूल का शुभारंभ किया गया। इस प्रकार एक ही परिसर में जिनालय, छात्रावास, गौशाला एवं स्कूल पल्लवित हो रहे हैं तथा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री जिनेंद्र देव का वार्षिक विमानोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें देश के अनेक नगरों से तथा आसपास चौरासी क्षेत्र के जैन धर्मावलंबी शामिल होंगे। मांगलिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रात: 6.30 बजे से श्री जिनेंद्र अभिषेक, पूजन एवं शांति विधान का आयोजन तथा दोपहर 1.30 बजे से श्री जिनेंद्र देव की भव्य शोभायात्रा तथा पूज्य महाराज श्री के मंगल प्रवचन आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार सायंकाल में 7 बजे से श्रीजी की संगीतमय भव्य सामूहिक आरती का कार्यक्रम संपन्न होगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

बॉक्स

मुनिश्री का हुआ खनियांधाना में मंगल प्रवेश

आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनिश्री अजीत सागर जी महाराज का ससंघ खनियाधाना नगर आगमन आज वुधवार को सायंकाल में हुआ । उल्लेखनीय है कि मुनिश्री का चातुर्मास शिवपुरी में आयोजित होने के बाद विगत माह अतिशय क्षेत्र से सेसई जी (नौगजा) में भव्य पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन किया गया था तथा गत दिवस वहां से मंगल विहार करने के पश्चात मुनि श्री के सानिध्य में ग्राम भौंती में भव्य नवीन त्रयवेदी शिलान्यास महोत्सव का कार्यक्रम संपन्न हुआ जिसके बाद मंगलवार को मुनिश्री पैदल बिहार करते हुए जैन अतिशय क्षेत्र श्री पचराई जी पहुंचे थे जहां पर आज सुबह उनकी आहार चर्या के बाद दोपहर में खनियाधाना की ओर गमन हुआ तथा सायंकाल में खनियांधाना नगर की सीमा पर भक्तगणों ने उत्साह पूर्वक ढोल नगाड़ों के साथ भक्ति करते हुए मुनिश्री की आगवानी की तथा नगर के श्री पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर तक पूरे रास्ते में भक्तगणों ने मुनि श्री के पाद प्रक्षालन कर स्वागत किया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!