शिवपुरी। कोतवाली क्षेत्र के राजेश्वरी रोड़ पर एक राहगीर से बाईक पर सवार दो बदमाशों ने उस समय मोबाईल छीन लिया जब पीडि़त युवक मोबाईल से बात करते हुए अपने घर की ओर जा रहा था। बदमाश इतने शातिर थे कि घटना से पूर्व उन्होंने अपनी बाईक की नम्बर प्लेट को पॉलीथिन से ढक रखा था। इस मामले को पुलिस ने संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त अभिषेक शर्मा ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि वह टेकरी पर स्थित साधना एजेंसी पर एकाउण्टेंट है और वह रात्रि करीब 9 बजे एजेंसी से निकलकर पैदल-पैदल अपने घर पुरानी शिवपुरी विजयवर्गीय वाली गली में राजेश्वरी रोड़ से होते हुए जा रहा था। इस दौरान श्योपुर से उसके किसी अधिकारी का फोन आया जिनसे वह मोबाईल से बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से बाईक पर सवार होकर दो युवक आए जिनमें से बाईक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने उसके हाथ से मोबाईल छीन लिया और बाईक को स्पीड में चलाकर वहां से भाग गए। अचानक हुई इस घटना से वह सकते में आ गया और उसने काफी दूर तक दौड़कर बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान उसने बाईक के नम्बर को देखने का प्रयास किया लेकिन नम्बर प्लेट पर पॉलीथिन लगी हुई थी।



