शिवपुरी। करैरा के ग्राम पंचायत खैराघाट में विगत रात्रि आयोजित मृत्यु भोज के कार्यक्रम में शामिल होने गए जिला पंचायत सदस्य दिनेश परिहार और पूर्व सरपंच रघुवीर परिहार के बीच लेनेदेन को लेकर विवाद हो गया और दोनों ओर से भोज के दौरान गोलियां चलाई गईं। जिससे वहां अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया और इस घटना में दोनों बाल-बाल बच गए। पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट पर से क्रॉस प्रकरण दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम खैराघाट में मदन पटेल के यहां मृत्यु भोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें जिला पंचायत सदस्य दिनेश परिहार और उनके साथी मोहन परिहार सहित पूर्व सरपंच रघुवीर परिहार, मेहताब परिहार और देशरज परिहार को आमंत्रित किया गया था जहां रात्रि करीब 9 बजे दोनों पक्ष कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खैराघाट पहुंचे और इसी दौरान जिला पंचायत सदस्य दिनेश परिहार और पूर्व सरपंच रघुवीर परिहार के बीच लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई और विवाद होने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और दोनों ओर से बंदूके तान दी गईं। बताया जाता है कि जिला पंचायत सदस्य परिहार और पूर्व सरपंच रघुवीर ने एक दूसरे पर फायर झोंक दिया जिससे दोनों बाल-बाल बच गए। जैसे ही फायरिंग हुई तो कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। इसी दौरान दोनों ओर से पुन: एक-एक फायर और किया गया जिससे दहशत की स्थिति बन गई। इसी बीच कार्यक्रम का आयोजन करने वाले लोगों ने बीचबचाव किया और जैसे तैसे दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में दोनों थाने पहुंच गए। जहां पुलिस ने दिनेश परिहार की रिपोर्ट पर से आरोपी रघुवीर परिहार, मेहताब परिहार और देशराज परिहार निवासीगण ग्राम डाबरभाट के खिलाफ भादवि की धारा 308, 323, 294, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं पूर्व सरपंच रघुवीर परिहार की रिपोर्ट पर से आरोपी जिला पंचायत सदस्य दिनेश परिहार निवासी टीला और मोहन परिहार निवासी गौकंदा के खिलाफ भादवि की धार 308, 34 के तहत क्रॉस कायमी कर ली है।





Be First to Comment