
शिवपुरी। जिले के छर्च थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सरवानी में जादूटोना के शक के फेर में तीन आरोपियों ने एक राय होकर अपने पड़ोसी वृद्ध को बाड़े में ले जाकर मैला पिला दिया। पीडि़त बचाने आई उसकी पत्नी को भी आरोपियों ने मैला पिला दिया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर से तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार प्रेम पुत्र लक्ष्मण आदिवासी उम्र 60 वर्ष निवासी सरवानी अपने घर के आगे आंगन में बैठा हुआ था तभी गांव के ही रहने वाले अंगद आदिवासी, मलखान आदिवासी और मेघनाथ आदिवासी प्रेम आदिवासी के साथ गाली गलौंच करने लगे। आरोपियों को शक था कि प्रेम सिंह जादूटोना जानता है और उसने ही अंगद की पत्नी अनीता पर जादू टोना कर दिया है जिससे उसकी तबियत खराब होने के बाद मौत हो गई। इसी शक के चलते आरोपियों ने पहले प्रेम की जमकर मारपीट की इसके बाद मन नहीं भरा तो आरोपी अपने बाड़े में ले गए जहां आरोपियों ने प्रेम को मैला पिला दिया। पीडि़त की पत्नी पति को बचाने मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी मैला पिला दिया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 452, 294, 323, 270, 34 आईपीसी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।






Be First to Comment