जयपुर में भिखारियों की खूनी जंग, एक की हत्या और दूसरा फरार

राजधानी जयपुर के लालकोठी थाना इलाके में बुधवार को आपसी झगड़े के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक की पत्थर से सिर कुचल कर हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना रामनिवास बाग की है, जहां भिक्षा मांग कर अपना जीवन यापन करने वाले दो युवक बीती रात शराब के नशे में आपस में भिड़ गए. इसी दौरान रामू बंगाली नामक युवक ने अपने ही साथी जगमोहन पर पत्थर और लाठी से वार कर उसकी हत्या कर दी.आरोपी जगमोहन ने बीच-बचाव में आए एक युवक पर भी जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी.
सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया. इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है.




