भोपाल । अवकाश या त्यौहार वाले दिनों में अब मार्केट में आपको वाहन खड़ा करने के लिए भटकना नहीं होगा। क्योंकि अपनी गाड़ी के लिए एक दिन पहले ही स्मार्ट पार्किंग में जगह बुक कर सकेंगे। स्मार्ट पार्किंग में जगह की एडवांस बुकिंग कराने के लिए नगर निगम जल्द ही एप लांच कर रहा है। जनवरी अंत तक यह सुविधा शहरवासियों को मिलने लगेगी। इसके साथ ही शहर के 17 स्मार्ट पार्किंग भी चालू हो जाएंगे। इनमें से एमपी नगर, बिट्टन मार्केट, 10 नंबर, न्यू मार्केट, बोट क्लब आदि प्रमुख स्थान शामिल हैं। अब तक करीब 9 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग लगभग चालू हो चुकी है।
एप बनाने का काम अंतिम चरणों में है। निगम प्रशासन ने माइंडटेक कंपनी को शहर के 58 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग बनाने का जिम्मा सौंपा था। अनुबंध की शर्तों में एप भी शामिल था। पिछले दिनों निगम आयुक्त प्रियंका दास ने जनवरी तक एप और 17 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग चालू करने का लक्ष्य दिया था, जिसके बाद काम में तेजी आई है।
एप से यह होगा फायदा
त्यौहारों व अवकाश के दिनों में बाजारों और घूमने फिरने वाले स्थानों पर भीड़ रहती है। चार पहिया वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिलती, जिससे लोगों को दूर वाहन खड़ा करना पड़ता है। नो पार्किंग में गाड़ी करने पर जब्त होने की चिंता बनी रहती है। एडवांस बुकिंग से जगह आरक्षित हो जाएगी और वाहन मालिक अपनी जगह पर गाड़ी खड़ी कर सकेगा। लेकिन यदि बुकिंग के 10 मिनट तक वाहन मालिक नहीं आता है तो वह जगह दूसरे को आरक्षित हो जाएगी।
बिना पार्किंग गाड़ी खड़ी करने पर कार्रवाई
अनुबंध की शर्तों के हिसाब से यदि पार्किंग के बाहर अस्त व्यस्त तरीके से वाहन खड़ा किया जाता है तो कंपनी ट्रैफिक पुलिस को सूचित कर गाड़ी को जब्त कराएगी। इससे लोग निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग कर सकेंगे।
नवंबर 2016 में बनी थी योजना
नगर निगम ने नवंबर 2016 में स्मार्ट पार्किंग की योजना तैयार की थी। 6 जनवरी 2017 को इसे एमआईसी ने मंजूरी दी थी। सितंबर 2017 में माइंडटेक कंपनी को वर्क आर्डर जारी किया गया था। जिसे मई 2018 तक सभी 58 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग चालू करना है।
इन स्थानों पर होगी स्मार्ट पार्किंग की मिलेगी सुविधा
डीबी सिटी के सामने, विक्रमादित्य कॉलेज के सामने, 10 नंबर मार्केट, सरगम टॉकीज, टपर वाला, प्रगति पेट्रोल पंप, जीटीबी कॉम्प्लेक्स, मनोहर डेयरी, पिंक पार्किंग, न्यूमार्केट बी 1, न्यूमार्केट बी 2, न्यूमार्केट बी 3, न्यूमार्केट बी 4, सदर मंजिल, पाटीदार, छप्पन भोग, मानसरोवर।
ऐसे होगी स्मार्ट पार्किंग
– सड़क के किनारे के स्थानों पर वाहनों के हिसाब से मार्किंग की जाएगी।
– स्लाटिंग के नीचे सेंसर लगे होंगे, जैसे ही गाड़ी खड़ी होगी कम्प्यूटर से पर्ची जनरेट होगी।
– कवर्ड एरिया वाले पार्किंग में बूम बैरियर वाली पार्किंग रहेगी।
– पार्किंग के बाहर डिस्प्ले लगेगा, जिससे वाहन मालिक को पता चल जाएगा कि गाड़ी खड़ी करने की जगह है या नहीं।
– सभी पार्किंग सेंट्रलाइज्ड होंगे, जिनकी कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग होगी।
– सीसीटीवी कैमरों से गाड़ियां सुरक्षित रहेंगी।
– पार्किंग पर होने वाली अवैध वसूली पर पूरी तरह से रोक लग जाएगी। इससे निगम को राजस्व मिलेगा।
शहरवासियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
स्मार्ट पार्किंग में एडवांस बुकिंग के लिए एप जनवरी अंत तक लांच किया जाएगा। जनवरी अंत तक 17 पार्किंग में लोग कहीं भी आवश्यकता अनुसार जगह की बुकिंग करा सकेंगे। इससे भीड़भाड़ वाले दिनों में लोगों को राहत मिलेगी – प्रियंका दास, आयुक्त नगर निगम







Be First to Comment