जबलपुर। अधारताल के कंचनपुर इलाके में रहने वाले एक प्रेमी युगल ने शुक्रवार को तड़के 4 बजे अमरकंटक एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतकों के पास से किसी तरह का सुसाइड नोट तो नहीं मिला है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पूछताछ में पता चला कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवती के परिजनों को आपत्ति थी, जिसके कारण दोनों ने आत्महत्या की। हालांकि पुलिस किसी और भी संभावना से इंकार नहीं कर रही है।रांझी पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 4.30 बजे रेल कर्मियों ने सूचना दी कि तीन पुलिया के आगे रेलवे ट्रैक पर अमरकंटक एक्सप्रेस से एक युवक और युवती ने कटकर सुसाइड कर लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची लेकिन दोनों शव बुरी तरह क्षतविक्षित हो चुके थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। रेलवे ट्रेक पर शवों के पास मिले दस्तावेज और मोबाइल से मृत युवती की पहचान इंद्रप्रस्थ कालोनी अधारताल निवासी अनामिका उर्फ मधु विश्वकर्मा 18 वर्ष और युवक की पुराना शोभापुर निवासी सूरज पटैल साढ़े 17 वर्ष के रूप में हुई। अनामिका माता गुजरी कॉलेज में सेकेण्ड ईयर की छात्रा थी, जबकि सूरज आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था।
एक साल पूर्व हुई थी दोस्ती
अनामिका और सूरज एक दूसरे से प्यार करते थे, उनकी मुलाकात एक वर्ष पूर्व हुई थी। दोनों एक दूसरे प्यार करने लगे थे। लेकिन दो दिन पूर्व अनामिका के पिता ने उसे मोबाइल पर सूरज से बात करते हुए देख लिया था। जिसके कारण पिता ने अनामिका का मोबाइल तोड़ते हुए उसे समझाइश दी थी कि उसकी उम्र अभी पढ़ाई की है वो उसमें ध्यान दे। इसके बाद अनामिका घर से नहीं निकली थी।
अनामिका बिना बताए निकली
सूरज रोज सुबह दौड़ने के लिए जाता था। जिसके कारण उसके घर से निकलने पर परिजनों ने कोई चिंता नहीं जताई थी। वहीं अनामिका रात में कब घर से निकल गई किसी को पता नहीं चल सका।
हाथ पकड़कर ट्रैक पर चल पड़े
घटना के वक्त रेलवे ट्रेक पर ड्यूटी कर रहे रेल कर्मियों ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 4 बजे अमरकंटक एक्स्रपेस सिहोरा की तरफ से जब आ रही थी, तब तीन पुलिया के पास अनामिका और सूरज एक दूसरे का हाथ पकड़कर ट्रेन की तरफ पैदल चल रहे थे। रेल कर्मियों ने उन्हें आवाजें भी लगाईं, लेकिन दोनों ने इरादा नहीं बदला और ट्रेन से कट गए।
परिजन सदमे में, क्षेत्र में मातम
अनामिका और सूरज की मौत के बाद उनके परिजन गहरे सदमे में हैं। खासकर अनामिका के पिता जो बार-बार इसी बात पर बिलखते रहे कि उन्होंने बेटी को उसकी भलाई के लिए डांटा था, लेकिन वो इतना बड़ा कदम उठा लेगी उन्हें पता नहीं था। वहीं सूरज के परिजन भी गहरे सदमे रहे। क्षेत्र में भी मातम का माहौल बना हुआ है।





Be First to Comment