खनियाधाना। नगर में छह दिन पूर्व एक दो वर्षीय बालिका से दुराचार की घटना के बाद उग्र भीड़ ने जिन बाल्मीक समाज के करीब आधा सैकड़ा परिवारों को निशाना बनाते हुए जमकर तोडफ़ोड़ , बलवा , आगजनी की थी उन परिवारों के बीच आज क्षेत्रीय विधायक के पी सिंह पहुंचे तथा पीडि़त परिवार जनों के हालचाल जाने तथा इसमें हुए नुकसान की जानकारी ली । उन्होंने पीडि़त परिवारों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि जो घटना बालिका के साथ हुई है वह तो निंदनीय है तथा उसमें न्यायालय अपना निर्णय देगा, लेकिन उस घटना की आड़ में नगर में रह रहे बाल्मीक समाज के परिवारों को निशाना बनाकर हिंसा, आगजनी , लूट जैसी घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को शर्मसार कर दिया है। पीडि़त परिवारों को हुई आर्थिक हानि के संबंध में विधायक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह शीघ्र ही प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों से चर्चा कर इसमें उचित कार्यवाही की मांग करेंगे तथा बाल्मीक समाज किसी भी प्रकार से दहशत या भय के माहौल में ना रहे और सभी अपने काम पर लौटे जिससे नगर के लोगों को हो रही परेशानी से निजात मिल सके। उन्होंने सभी पीडि़त परिवारों से प्रत्येक घर में हुए नुकसान की पृथक-पृथक सूची बनाकर देने की बात कही जिससे सभी को उचित मुआवजा मिल सके । इस अवसर पर उनके साथ नगर परिषद अध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह , मोहम्मद सलीम खान , सज्जाद अली , आशीष जैन जैनू, इंदर सिंह यादव , प्रदीप जैन पिंटू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी जन मौजूद थे।
बॉक्स
शोक संतप्त परिवारों से भी मिले कक्काजू
इस अवसर पर विधायक के पी सिंह गांधी चौक स्थित सेवानिवृत व्याख्याता राम गोपाल सोनी के निवास पर पहुंचे और विगत दिवस उनकी माता जी के निधन पर दुख व्यक्त किया एवं नगर के प्रसिद्ध समाजसेवी राजेश जैन बामोर वालों के निवास पर पहुंच कर उनके बड़े भाई प्रदीप जैन के निधन पर भी दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की सदगति की प्रार्थना की





Be First to Comment