इंदौर/महू,।जन्मदिन की पार्टी के दौरान हर्ष फायर मामले में महू एसडीएम ने सोमवार को तहसीलदार सहित छह लोगों को नोटिस जारी किया है। सभी को मंगलवार को कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। यहां इन सभी से जवाब तलब किया जाएगा। बयान के आधार पर अगली कार्रवाई कलेक्टर करेंगे।
29 दिसंबर को तहसीलदार तपिस पांडे ने महू में अपना जन्मदिन तलवार से केक काटकर मनाया था। केक कटने के बाद तहसीलदार व मेहमानों ने बंदूक से हवाई फायर किया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद शिकायत कलेक्टर को की गई, जिसके बाद एसडीएम प्रतुल सिन्हा ने नोटिस जारी किए।
कांग्रेस आज करेगी विरोध
घटना को लेकर पुलिस तस्दीक करती रही कि पार्टी में कितने सरकारी लोग थे। हालांकि पुलिस यहां कुछ दबाव में नजर आ रही है। पार्टी का वीडियो वायरल होने पर तहसील की प्रशासनिक व्यवस्था की खासी किरकिरी हो रही है। उधर, कांग्रेस अपने जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार के साथ तहसीलदार की बर्खास्तगी की मांग करेगी। दरबार ने बताया कि कांग्रेसी विरोध स्वरूप मंगलवार को रैली निकालेंगे। यह सुबह 10 बजे ड्रीमलैंड चौक से एएसपी कार्यालय पहुंचेगी। यहां घटना की निष्पक्ष जांच कर बेवजह हथियार प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। मामले में कुछ भाजपाई भी नाराज हैं।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
मामले में महू पुलिस कार्रवाई से बच रही है। पुलिस इंतजार में है कि कोई सीधे इसकी शिकायत करे और वीडियो दे तो वह इसकी जांच करेगी। पार्टी में कई सरकारी अधिकारियों के होने की भी बात कही गई थी। इनमें से कई अब अपना बचाव करते नजर आ रहे हैं। पार्टी में पहुंचे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनके सामने हथियारों का प्रदर्शन नहीं हुआ। महू एसडीओपी ज्योति उमठ का कहना है हमारे पास शिकायत आती है तो हम जांच कर कार्रवाई करेंगे।
समयावधि बैठक में हुई चर्चा
सोमवार को समयावधि बैठक में कलेक्टर ने तलवार से केक काटने व फायर करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी लेने के लिए कहा है। तहसीलदार की गलती हुई तो आगे कार्रवाई की जाएगी






Be First to Comment