जबलपुर। नए साल के जश्न में हुड़दंग कर खलल डालने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने का मूड बना लिया है। पुलिस ने एक ब्लूप्रिंट तैयार किया है, जिसमें थाने के सिपाही से लेकर एएसपी स्तर तक के अफसरों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। थाना प्रभारियों को 31 दिसंबर की रात शहर के मुख्य चौराहे, तिराहों में फिक्स प्वाइंट बनाकर बैरीकेड्स और स्टॉपर लगाकर चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। चेकिंग के दौरान पुलिस को फोकस तेज रफ्तार, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर रहेगा। जिन वाहन चालको के व्यवहार पर शक होगा उनकी जांच ब्रीथ एनालाइजर से की जाएगी। यदि कोई शराब पीकर वाहन चलाते मिलता है, तो उस पर वैद्यानिक कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। संदिग्धों पर निगरानी रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
ढाबे-पार्क और होटलों में रहेगी पैनी नजर
ढाबे, पार्कों और होटल में जहां नववर्ष की पूर्व संध्या पर पार्टियां आयोजित की जाती हैं, वहां पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कार्यक्रम में पहुंचने वालों की सूची भी पुलिस के पास रहेगी और हुड़दंग करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। इन स्थानों में बम डिस्पोजल स्क्वॉड भी चेकिंग करेगा। इसपर भी ध्यान रखा जाएगा कि होटल, क्लब संचालक बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
खुशियों से करें नए साल का स्वागत
एसपी शशिकांत शुक्ला ने शहरवासियों से अपील की है कि वह नए वर्ष का स्वागत खुशियों से करें। ऐसा कोई काम न करें। जिससे दूसरों को परेशानी हो।




Be First to Comment