Press "Enter" to skip to content

कांग्रेस के शासनकाल में फुकलेट था मध्यप्रदेश: शिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री ने कहा भाजपा सरकार के विकास पर आता है कांग्रेस को गुस्सा 
इंदिराजी कहती थीं कि गरीबी हटाओ, लेकिन ये गरीबी नहीं हटा पाए, भाजपा ने यह करके दिखाया 
शिवराज सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में की बैराड़, करैरा भौंती में जनसभा 
शिवपुरी। भाजपा सरकार ने प्रदेश का विकास किया है, तो इस पर कांग्रेस को गुस्सा आता है। कांग्रेसी खुद तो कुछ कर नहीं पाए, उन्होंने हमेशा से प्रदेश के गरीबों का शोषण किया है। इंदिराजी कहती थीं कि गरीबी हटाएंगे, लेकिन कांग्रेस के लोग आज तक देश-प्रदेश से गरीबी नहीं हटा पाए। गरीबी हटाने का काम मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है। ये बातें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने रविवार को शिवपुरी जिले की विधानसभा करैरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में की बैराड़, करैरा भौंती में भी जनसभा को संबोधित किया।



मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बैराड़ में भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद भारती के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गुस्सा प्रदेश की जनता को नहीं आता है, गुस्सा कांग्रेस को आता है, क्योंकि वे पिछले 15 वर्षों से सत्ता से दूर हैं, कुर्सी से दूर हैं। अब उन्हें सत्ता में आने की तड़पड़ाहट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तो प्रदेश फुकलेट था। इन्होंने प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। गड्डों में सड़कें थीं, सिंचाई की व्यवस्था नहीं थी। पूरा प्रदेश अंधेरे में था, ये लोगों को बिजली नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश में गरीबों के लिए संबल योजना लेकर आए, तो इस पर कांग्रेस को गुस्सा आता है, सिंचाई की उचित व्यवस्थाएं की, तो इस पर कांग्रेस को गुस्सा आता है। बुजुर्गों को तीर्थदर्शन यात्रा कराई तो इस पर कांग्रेस को गुस्सा आता है।

कांग्रेस ने प्रदेश को बर्बाद किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मध्यप्रदेश में सिर्फ साढ़े सात लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई होती थी। उसमें भी बैराड़ करैरा, पिछोर क्षेत्र में तो एक इंच जमीन पर इन्होंने सिंचाई की व्यवस्था नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने 41 लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई की व्यवस्था की है। इसके लिए कई बड़ी, मध्यमवर्गीय एवं छोटी सिंचाई परियोजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने शिक्षा की व्यवस्था को भी पूरी तरह चौपट कर दिया था। शिक्षकों को 500 रूपए एवं 1200 रूपए देते थे। भाजपा सरकार ने शिक्षकों का वेतन 40 हजार और 60 हजार रूपए तक किया। बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण किया। नि:शुल्क स्कूल यूनिफार्म दिलाईं। बेटियों को साइकिलें दीं, ताकि वे दूरदराज के गांवों से स्कूल आ सकें। उन्होंने कहा कि अब बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत अंक लाने वाले भांजे-भांजियों को लैपटॉप भी देने की योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास दर थी ही नहीं। कांग्रेस ने प्रदेश को पूरी तरह बर्बाद कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने पहले बीमारू राज्य से विकसित बनाया फिर विकासशील बनाया और अब समृद्ध राज्य बनाना है, इसलिए बैराड़ करैरा पिछोर की जनता से आशीर्वाद चाहिए।

नींद नहीं आती करवटें बदलते रहते हैं कांग्रेसी

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैं 24 घंटे में से सिर्फ 3 घंटे सोता हूं। मुझे चिंता है प्रदेश के विकास की, प्रदेश की जनता की, प्रदेश के युवाओं की। मध्यप्रदेश को अब समृद्ध राज्य भी बनाना है, इसलिए लगातार काम करता रहता हूं। लेकिन कांग्रेस के लोगों को आजकल नींद नहीं आ रही है। वे सारी रात करवटें बदलते रहते हैं। उन्हें डर है कि यदि ये शिवराजसिंह चौहान एक बार फिर मुख्यमंत्री बन गया, तो मध्यप्रदेश से कांग्रेस का नामोनिशान मिट जाएगा। इसी घबराहट में आजकल कांग्रेस के लोग रातभर करवटें बदलते रहते हैं। वे यही सोचते रहते हैं कि शिवराजसिंह चौहान एवं भाजपा को प्रदेश से कैसे हटाएं।

युवाओं को रोजगार देने लगाना है उद्योग 

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने इस दौरान 15 वर्षों में किए गए विकास कार्यों को भी जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में डेढ़ लाख किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाया है। अब क्षेत्र में छोटे-छोटे उद्योगों की स्थापना करना है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि शिवपुरी जिले में गरीबों के लिए 27 हजार 227 मकान बन गए हैं। अगले साल भी इतने ही मकान बनेंगे। उन्होंने कहा कि 2022 तक भारतीय जनता पार्टी और शिवराजसिंह चौहान हर गरीब को पक्का मकान बनवाकर देंगे। कोई भी गरीब बिना घर के नहीं होगा।

सबके लिए मांगी समृद्धि

कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को दीपावली की बधाइयां एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मैंने दीपावली पर पूजा की और प्रदेश की एवं जनता की समृद्धि के लिए कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने अपने लिए कुछ नहीं मांगा, सिर्फ प्रदेश की जनता की खुशहाली और उनकी समृद्धि के लिए प्रार्थना की है। इस अवसर पर बैराड़ में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी,जिला उपाध्यक्ष अशोक खंडेलवाल हरिनारायण कुशवाह, रामबाबू मंगल, पृथ्वीराज सिंह जादौन, तुलाराम यादव, बैराड़ रामबाबू मंडल अध्यक्ष, दिलीप मुदगल देवेंद्र श्रीवास्तव जगदीश रावत मान सिंह राजपूत जनवेद वर्मा जगदीश धाकड़ ज्ञानसिंह चौहान मुकेश चौहान, लक्ष्मण रावत मुन्ना रावत देवेंद्र गुप्ता हाकिम यादव, गजेन्द्र सिंह धाकड़, अभिषेक गुप्ता, अभिजीत भदौरिया, प्रमोद परिहार सेंकी बंसल, दीपेश मित्तल, अनीता ओझा, धनवंती वर्मा योगेश वर्मा राजेंद्र धाकड़ बाईसराम राठौर नरोत्तम रावत जगदीश रावत जाहिद खान  सोनू व्यास शुशील तिवारी संजय तोमर राजेश गर्ग राजकुमार शार्मा  सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। 

डाकुओं के साथ थे सफेदपोश डाकू

मुख्यमंत्री ने करैरा में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां डकैतों का साम्राज्य हुआ करता था। पता नहीं, कहां-कहां के डाकुओं के गिरोह यहां सक्रिय थे। उनमें कुछ सफेदपोश डाकू भी थे, जिन्होंने मध्यप्रदेश को पूरी तरह लूट लिया था। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बना तो पुलिस अफसरों की बैठक बुलाई और उनसे कहा कि या तो मध्यप्रदेश में शिवराजसिंह चौहान रहेगा, या फिर डाकुओं के गिरोह। अब मध्यप्रदेश में डाकुओं का एक भी गिरोह नहीं है। करैरा में मुख्यमंत्री की सभा के दौरान मंच पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीरसिंह रावत, विधायक ओमप्रकाश खटीक, भाजपा प्रत्याशी राजकुमार खटीक,भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी,राज्यमंन्त्री राजू बाथम,संजीव ऋ ंगीऋ षि, रामगोपाल चौधरी,बी के गुप्ता,डॉ अरविंद बेडर, शिवसिंह यादव,शशिवाला परिहार,हरिशंकर परिहार,सुभाष जाटव, जयप्रकाश सोनी,सुनील गुप्ता,देवेंद्र शर्मा,सब्बीर खान,लक्षमीनारान गुप्ता,श्रीमती बती आदिवासी,श्रीमती उर्मिला रावत,नफीस खान ,हेमंत शर्मा,महेंद्र रावत,प्रमोद जैन,मनोज माहेश्वरी,बल्लो जैन,धनीराम यादव,रघुवदयल शर्मा, कैलाश लोधी,रामस्वरुप रावत,दशरथ सिंह,सोनू खटीक,राहुल पहारिया, कासिम खान आदि उपस्थित थे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!