– शिवपुरी जिले के करैरा नगर पंचायत के पूर्व सीएमओ पर लगे लेनदेन के आरोप*
– सीएम हेल्पलाइन और अन्य फोरम पर हुई शिकायत फिर भी नहीं हो रही कार्रवाई*
शिवपुरी।
करैरा नगर पंचायत में वर्षों से काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित व विनियमत करने के नाम पर अपात्रों की भर्ती कर ली गई है। नगर पंचायत में हुए इस घपले में जमकर लेन-देन के आरोप लग रहे हैं। इस घपले में पूर्व सीएमओ जबर सिंह कुशवाह और कुछ जनप्रतिनिधियों के नाम सामने आ रहे हैं जिन्होंने सारे नियम कायदे कानून को ताक पर रख लगभग 40 कर्मचारियों को नियमित व विनियमित कर दिया। इस मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें कुछ सफाईकर्मी खुलेआम पूर्व सीएमओ पर पैसा लेने का आरोप लगा रहे हैं। कर्मचारियों का जो वीडियो आया है उसमें एक से दो लाख रुपए लेने की बात कही गई है। अब मामला सुर्खियों में आने और तथ्यात्मक शिकायतें होने के बाद भी भी इस घपले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। करैरा नगर पंचायत में हुए घपले में कई कर्मचारियों से एक से दो लाख रुपए तक की अवैध वसूली हुई है। इस पूरे खेल में जो अपात्र कर्मचारी लिए गए हैं उनके वेतन निर्धारण में पूर्व अधिकारी के अलावा इस समय पदस्थ नगरीय निकाय का स्टाफ और वरिष्ठ अधिकारियों पर भी घपले में मिलीभगत के आरोप लग रहे हैं।
*रुपया मिलते ही नियमों को रख दिया ताक पर*
करैरा नगर पंचायत में ऐसे दैनिक वेतनभोगी जो 16 मई 2007 से 1 सितंबर 2016 के बीच कार्यरत रहे हैं उनको मप्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश पर नियमित व विनियमित किया जाना था। इसमें नगर निकाय में रिक्त, चतुर्थ सफाई संरक्षक, वाहन चालक, इलेक्ट्रीशियन को नियमित करना था लेकिन इस प्रक्रिया में नगर पंचायत में पदस्थ रहे पूर्व सीएमओ जबर सिंह कुशवाह ने चालाकी से ऐसे लोगों को नियमित व विनियमित कर दिया जो पात्रता की श्रेणी में नहीं आते। इस सूची को बनाने में लेनदेन के आरोप पूर्व सीएमओ व एक जनप्रतिनिधि पर लग रहे हैं। शिकायत में बताया गया है कि जिन कर्मचारियों ने पैसा दिया उनको नियम विरूद्ध पात्र बना दिया गया और जो पात्र थे और उन्होंने सेवा शुल्क नहीं दिया उनका नाम सूची से काट दिया गया। इसके अलावा कुशल व अर्द्धकुशल श्रेणी के नाम पर भी बड़ा घपला हुआ है। कुल मिलाकर मनमाने ढ़ंग से पूरी सूची तैयार की गई है।
*वीडियो में खुलेआम कही जा रही है पैसे देने की बात*
करैरा के कुछ सफाईकर्मियों को जो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है उसमें खुलेआम पूर्व सीएमओ जबर सिंह को कुछ सफाईकर्मी पैसे देने की बात कह रहे हैं। बताया जाता है कि यह वीडियो उस समय का है जब मप्र सफाई कामगार आयोग के उपाध्यक्ष सूरज बाल्मिकी करैरा आए थे। उस दिन ही आयोग उपाध्यक्ष के सामने कई महिला सफाई कर्मी व अन्य ने शिकायत की थी कि उनका वेतन जिस हिसाब से बढ़ना चाहिए था वह नहीं बढ़ाया गया और उनसे एक से दो लाख रुपए नियमित व विनियमित करने के नाम पर ले लिए गए।
*सीएम सहित मंत्री को शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं*
करैरा नगर पंचायत में हुए इस घपले में पूर्व सीएमओ जबर सिंह कुशवाह सहित अन्य जिम्मेदारों की एक कर्मचारी जगदीश प्रसाद जोशी ने लिखित शिकायत की है। सीएम शिवराज सिंह चौहान, खेल मंत्री यशोधरा राजे ङ्क्षसधिया, नगरीय प्रशासन मंत्री माया सिंह सहित सीएम हेल्पलाइन में लिखित शिकायत हुई है लेकिन घपला करने वालों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतकर्ता जगदीश प्रसाद जोशी ने बताया कि वह पात्रता की श्रेणी में आते थे और कुशल श्रमिक के तौर पर उनको नियमित कर्मचारियों की सूची में शामिल किया जाना चाहिए था लेकिन उनका नाम शामिल नहीं किया गया।
*क्या कहते हैं शिकायतकर्ता*
इस भर्ती में पूर्व सीएमओ ने सारे नियम ताक पर रख दिए। जो पात्र थे उन्हें शामिल नहीं किया और जिन्होंने पैसा दिया उनको अपात्र होते हुए भी सूची में शामिल किया। इसकी मैंने लिखित शिकायत की है। इसके अलावा सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी तो वर्तमान अधिकारी इस मामले को दबाने में लगे हुए हैं।
*जगदीश प्रसाद जोशी*
शिकायतकर्ता कर्मचारी करैरा
यह मेरे समय का मामला नहीं है। पूर्व सीएमओ को समय यह प्रक्रिया हुई और यहां तक मेरी जानकारी है यह प्रक्रिया सही हुई है। अब शिकायत का सवाल है तो हमारे पास आएगी तो हम जांच करा लेंगे।
संतोष सैनी
सीएमओ नपं करैरा





Be First to Comment