हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद मेट्रो रेल
परियोजना के पहले चरण की शुरुआत नवंबर माह में करने की घोषणा की है। इसके
साथ ही मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को
निमंत्रण भेज कर हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन करने
का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के कार्यालय से
जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पीएम
मोदी को पत्र लिखा है।
पीएम मोदी संभावित तौर पर ‘वैश्विक उद्यमी
सम्मेलन’ में शामिल होने के लिए 28 से 30 नवंबर को हैदराबाद में उपस्थित
होंगे। सीएम राव ने पीएम मोदी से इसी समय मेट्रो परियोजना को शुरू करने का
अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की सबसे बड़ी
सार्वजनिक-निजी भागीदारी की परियोजना है और इसकी लागत करीब 15,000 करोड़
रुपए है। 72 किलोमीटर के क्षेत्र में बनने वाला यह प्रोजेक्ट तीन चरणों में
पूरा होगा।
मियापुर और अमीरपेट के बीच 13 किलोमीटर लंबी और 17
किलोमीटर के अमीरपेट-नागोले खंड के विकास का कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही
यहां मेट्रो रेल स्टेशन भी बनाए जा चुके हैं।
इसका ट्रायल रन
सफल रहा है और इसे सुरक्षा मंजूरी भी मिल चुकी है। राज्य सरकार ने नवंबर
में इन हिस्सों में परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया है।





Be First to Comment