Press "Enter" to skip to content

कांग्रेस की पहली सूची में केपी एवं महेन्द्र के टिकिट यथावत, करैरा विधायक शकुंतला का नाम नहीं


शिवपुरी। दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस ने 230 विधानसभा सीटों में से 45 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी तय कर लिए हैं। सूत्र बताते हैं कि तय किए गए सभी नाम वर्तमान विधायकों के हैं। कांग्रेस ने अपने 58 विधायकों में से 45 विधायकों को टिकट पुन: देना तय किया है। इनमें शिवपुरी जिले के दो कांग्रेस विधायक पिछोर से केपी सिंह और कोलारस से महेन्द्र यादव शामिल हैं जबकि करैरा विधायक शकुन्तला खटीक का टिकट अभी क्लीयर नहीं किया गया है। पहली सूची में उनका नाम शामिल नहीं है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार 44 विधायकों को टिकट देने के अलावा कांग्रेस ने जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को पांच अथवा चार चुनावों से पराजय मिल रही है वहां चार-चार नामों का पैनल फायनल किया है। इनमें से शिवपुरी और पोहरी विधानसभा क्षेत्र से भी चार-चार नामों का पैनल बनाया गया है। जबकि करैरा विधानसभा क्षेत्र के मामले में कांग्रेस अभी पशोपेश में है। पार्टी तय नहीं कर पा रही कि शकुन्तला खटीक को टिकट पुन: दिया जाए या नहीं। यह भी संभावना है कि बहुजन समाज पार्टी से यदि गठबंधन होता है तो करैरा विधानसभा सीट बसपा के खाते में जा सकती है। 2003 के विधानसभा चुनाव में करैरा से बसपा प्रत्याशी लाखनसिंह बघेल विजयी हुए थे जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में भी बसपा उम्मीद्वार प्रागीलाल जाटव को 20 हजार से अधिक मत मिले थे। जिन कांग्रेस विधायकों के टिकट फायनल हुए हैं उनके नाम हैं- नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष बाला बच्चन, लोक लेखा समिति के अध्यक्ष रामनिवास रावत, विधानसभा उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. गोविन्द सिंह, केपी सिंह, आरिफ अकील, सुंदरलाल तिवारी, मुकेश नायक, जीतू पटवारी, हिना काबरे, मधु भगत, रजनी सिंह, मनोज कुमार अग्रवाल, फुंदेलाल मारको, ओमकार सिंह मरकाम, महेन्द्र सिंह यादव, हेमंत कटारे, योगेन्द्र सिंह, हर्ष यादव, निशंक जैन, उमंग सिंघार, कमलेश्वर पटेल, यादवेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र पटेल, गिरीश भण्डारी, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, गोपाल सिंह चौहान, चंदा, सुरेन्द्र सिंह गौर, कु. विक्रम सिंह, नीलांशु चतुर्वेदी, जयवर्धन सिंह, सुरेन्द्र सिंह बघेल, सौरभ सिंह, नीलेश अवस्थी, तरूण भानोत, संजीव उईके, सोहनलाल बाल्मीकि, जतन उईके, कमलेश शाह, रामकिशोर दोगने, सचिन यादव, विजय सिंह सोलंकी, झूमा सोलंकी और हरदीप सिंह डंग के नाम शामिल हैं। बताया जाता है कि ढाई घंटे तक चली इस बैठक में तीन या अधिक बार विधानसभा और लोकसभा चुनाव हार चुके नामों को भी टिकट की दौड़ से बाहर किए जाने पर चर्चा हुई। प्रदेश में 105 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां पार्टी पिछले तीन चुनावों से हार रही हैं। इस सूची को बताया जाता है कि अब संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा जिसके अनुमोदन के बाद प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। 

पांच बार से हार रही सीटों पर होंगे नए प्रत्याशियों के नाम घोषित

बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस पांच बार से हार रही है वहां नए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएं। पांच बार से हारने वाली 31 सीटें हैं जिन पर नए चेहरों के नाम घोषित होंगे। इनमें शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र भी शामिल है। बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया भी मौजूद थे। बताया जाता है कि अक्टूबर के प्रथम सप्ताह तक सूची जारी होने की संभावना है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!