
शिवपुरी। रात्रि में बदरवास बस स्टैण्ड पर मरियम अकेडमी के पोस्टर को विद्युत खंबे पर लगा रहे एक युवक नरेंद्र उर्फ सुनील जाटव की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और आज सुबह बदरवास थाने के सामने लाश रखकर थाने का घेराव किया। उनकी मांग थी कि अकेडमी के संचालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। बाद में इस मामले में एडीशनल एसपी कमल मौर्य और एसडीओपी सुजीत सिंह भदौरिया ने मामले को सुलझाया। मृतक के परिजनों को उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।
जानकारी क अनुसार नरेंद्र उर्फ सुनील पुत्र नारायण सिंह जाटव उम्र 24 वर्ष निवासी साक्षी गार्डन के पास कल शाम के समय मरियम अकेडमी के प्रचार के लिए कस्बे में पोस्टर लगा रहा था। जैसे ही नरेंद्र बस स्टैण्ड पर स्थित एक दूध डेयरी के पास लगे खंभे पर पोस्टर लगाने के लिए चढ़ा। जहां बिजली के तार खुले पड़े थे। जिसके संपर्क में नरेंद्र आ गया और करंट लगने से वह खंभे से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉ. आरएल पिप्पल ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। सूचना पाकर मृतक के परिजन मित्र व समाज के लोग एकत्रित हो गए। जिन्होंने पीएम कराने से इंकार कर दिया और वहां लाश लाने लगे जिस पर डॉक्टर ने उन्हें रोका तो मुंहवाद हो गया। बाद में परिजन उसकी लाश लेकर घर आ गए और आज सुबह लाश को थाने पर रखकर वहां घेराव शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि अकेडमी संचालक पर हत्या का मामला दर्ज किया जाए, लेकिन पुलिस का कहना था कि बिना जांच के मामला दर्ज नहीं हो सकता है। पहले वह पीएम कराएं और पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी, लेकिन परिजन बदरवास में पीएम कराने तैयार नहीं हुए और वह लाश लेकर शिवपुरी के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान एडीशनल एसपी कमल मौर्य ने मोर्चा संभालकर नाराज लोगों को कोलारस एसडीओपी कार्यालय बुलाया। जहां उनकी बात को गंभीरता के साथ सुनाया गया और उन्हें उचित कार्यवाही करने का आश्वासन देकर कोलारस में पीएम कराने के लिए राजी कराया। जहां दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा मृतक का पीएम किया गया।
इनका कहना है
नरेंद्र की करंट लगने से मौत हो गई। जिस पर परिजन अकेडमी संचालक पर हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग करते हुए वह बदरवास में पीएम कराने से इंकार कर रहे थे। जिन्हें समझा बुझाकर कोलारस में नरेंद्र का पीएम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि किन परिस्थितियों में नरेंद्र की मौत हुई है। उसके बाद ही अकेडमी संचालक पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
कमल मौर्य, एएसपी शिवपुरी







Be First to Comment