Press "Enter" to skip to content

आगे निकलने की होड़ में ओवरटेक करते ही भिड़े ट्रक, दो की मौत,


ग्वालियर।आगे निकलने की होड़ में गिट्टी से भरे दो ट्रक आपस में भिड़ गए। ओवरटेक करने के प्रयास में पीछे से टकराए ट्रक में सवार एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना बाइपास पर बड़ागांव पुलिया शनिवार सुबह 4 बजे की है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को निगरानी में लेकर डेड हाउस पहुंचाया। हादसे में जान गंवाने वालों में एक 19 वर्षीय 11वीं का छात्र है, जबकि महिला की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।आगरा के खेरागढ़ स्थित रसीदपुर गांव निवासी गज्जो गुर्जर ट्रक चालक है। शुक्रवार दोपहर वह गांव से ट्रक लेकर बिलौआ स्थित खदान पर गिट्टी भरने आया था। उसके साथ में गांव का ही 19 वर्षीय अल्कार पुत्र सुल्तान सिंह गुर्जर भी था। इसे सिर्फ वह वैसे ही घुमाने के लिए लेकर आया था। शुक्रवार आधी रात बिलौआ से गिट्टी लोड कर वह आगरा के लिए निकले। बाइपास पर सिरोल का टोल निकलने के बाद ट्रक चालक गज्जो आगे जा रहे ट्रक क्रमांक एमपी06 एच-1900 से आगे निकलने के लिए होड़ करने लगा। आगे जा रहे ट्रक के चालक ने भी उसे आगे नहीं निकलने दिया। काफी देर तक आगे निकलने के लिए दोनों ट्रक दौड़ाते रहे। बाइपास पर बड़ागांव पुलिया के नजदीक आते ही गज्जों ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया और आगे जा रहे ट्रक से गाड़ी भिड़ गई। घटना में ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया। जिसमें चालक तो कूदकर भाग गया। लेकिन अंदर बैठे दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एक शव तो एल्कार के रूप में पहचान लिया गया। उसकी जेब से आईडी भी मिल गई। लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद से चालक फरार है।
कौन है महिला
ट्रक में सवार महिला की भी कुचलकर मौत हो गई। महिला की तत्कालीक रूप से पहचान नहीं हो सकी है। लेकिन कुछ सूचनाएं उसकी पहचान के संबंध में पुलिस तक पहुंची हैं। जिस पर जांच कर रविवार को उसकी शिनाख्त हो सकती है। फिलहाल शिनाख्त नहीं हुई है। महिला की उम्र 25 से 30 साल के बीच है। वह लाल साड़ी पहने हुए है। मांग भरे होने के साथ ही चूड़ियां व बिछिया पहने हुए हैं।
हम नहीं जानते इस महिला को
महिला ट्रक में कैसे आई इसके संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा है। एल्कार की मौत की सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके भाई श्रीनिवास व धीरसिंह गुर्जर ने बताया कि उनके भाई एल्कार को गांव का ही गज्जो वैसे ही घुमाने की कहकर ले गया था। अब उसके साथ यह महिला कौन थी उन्हें नहीं पता। उनका भाई तो शादीशुदा नहीं है। साथ ही यह गज्जो की पत्नी भी नहीं है। रात को महिला ट्रक में क्या कर रही थी। यह भी कई गहरे सवाल खड़े कर रहा है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!