शिवपुरी। आज सुबह सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के चंदनपुरा क्षेत्र के एक खेत में सेंटिंग का व्यापार करने वाले महेश शर्मा की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर मृतक की बाईक भी रखी हुई मिली और उसकी जेब में 2 चाबियां भी मिली हैं। साथ ही वहां पर आग भी जली हुई मिली। जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या से पूर्व वहां बैठकर आग जलाकर तापा होगा। मृतक के गले में गोली लगने का निशान है। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है जबकि परिजनों ने ग्राम सेमरी के रहने वाले कल्याण जाटव और संतोष यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि महेश को संतोष यादव से 1 लाख 50 हजार रूपए उधारी के लेने थे जिसकी शिकायत भी उन्होंने एसपी सुनील कुमार पांडे से की थी, लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की थी और आज महेश की हत्या कर दी गई। मृतक की गर्दन पर गोली मारी गई है जो सिर के आर-पार हो गई। परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पाते ही एसडीओपी जीडी शर्मा मौके पर पहुंच गए जहां उन्होंने लोगों को समझाईश दी और मामले में त्वरित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर भीड़ वहां से हटी और शव को पीएम हाउस ले जाया गया। मृतक महेश शर्मा पुत्र रामप्रसाद शर्मा निवासी बैंक कॉलोनी के पुत्र सूरज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कल शाम 6:30 बजे उसके पिता के मोबाइल पर कोई फोन आया और वह चले गए, लेकिन रात तक वह वापस नहीं लौटे और आज सुबह उन्हें जानकारी लगी कि चंदनपुरा में उनकी लाश मिली है। सूरज ने यह भी बताया उसके पिता ने संतोष यादव को 1 लाख 50 हजार रूपए ठेकेदारी शुरू करने के लिए दिए थे, लेकिन संतोष यादव उनके वह रूपए वापस नहीं लौटा रहा था जिससे वह काफी परेशान थे।
बॉक्स
पुलिस सुन लेती तो नहीं होती मेरे पिता की हत्या: सूरज
मृतक के पुत्र सूरज ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता ने 11 दिसम्बर को पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे को एक शिकायती आवेदन दिया था जिसमें उन्होंने उल्लेख किया था कि संतोष यादव निवासी ठाटीपुर दर्पण कॉलोनी ग्वालियर उनके पास आया था और उन्हें रेलवे विभाग झांसी में मजदूरी कार्य के 13 हजार 500 रूपए प्रतिमाह के हिसाब से दिलाने के लिए कहा था और इसके एवज में उसने उनसे 1 लाख 50 हजार रूपए ले लिये इसके बाद से वह रूपए नहीं दे रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्समय कोई कार्यवाही नहीं की और पुलिस की इस लापरवाही ने उसके पिता की जान ले ली।
बॉक्स
इनका कहना है
मामले की जांच की जा रही है परिजन किसी कल्याण जाटव और संतोष यादव पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं पुलिस उनकी तलाश कर रही है जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा कि किन कारणों से और किन लोगों ने महेश की हत्या की है। मृतक के परिजन कोतवाली पुलिस पर भी आरोप लगा रहे हैं जिसकी जांच की जाएगी।
जीडी शर्मा, एसडीओपी शिवपुरी
चोरों ने इंजीनियर के घर पर बोला धाबा, आभूषण ले गए चोर
शिवपुरी। मोाहिनी सागर कॉलोनी में निवासरत इंजीनियर अजय शंकर दुबे के शासकीय निवास एफ 35 से अज्ञात चोरों ने ताले चटकाकर हजारों रूपए के स्वर्णाभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय इंजीनियर श्री दुबे ग्वालियर के बिरला स्वास्थ्य संस्थान में भर्ती थे और उनका परिवार भी उनके साथ मौजूद था।
चोरों ने बीती 25 दिसम्बर की रात्रि घर में प्रवेश किया जहां उन्होंन उसी कमरे का ताला तोड़ा जिसमें आभूषण रखे हुए थे। जबकि अन्य कमरों के किसी भी ताले को उन्होंने नहीं छुआ। चोर वहां से एक मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठी, दो जोड़ी कान के टॉप्स, चार नाक की नथनी, चांदी के दो सिक्के, एक बैडशीट, एक गुल्लक जिसमें चिल्लर भरी हुई थी चोरी कर ली। घटना की जानकारी कल सुबह मकान पर आए कर्मचारी को लगी तो उसने तुरंत ही घटना की जानकारी श्री दुबे के परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही दतिया में रहने वाले श्री दुबे के भाई डॉ. अनिल पुत्र ब्रजमोहन दुबे शिवपुरी आए। जिन्हेांने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां डॉग स्कॉड के साथ आसपास के क्षेत्र की सर्चिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस ने फरियादी डॉ. अनिल दुबेे की रिपोर्ट पर से भादवि की धारा 457, 380 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।





Be First to Comment