Press "Enter" to skip to content

ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत, एक घायल, भीड़ ने आग लगाई,


कन्नाौद।इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम टाकलीखेड़ा के पास मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे अंधगति से दौड़ रहे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक एवं हेल्पर भाग गए। उधर आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी। इस दौरान करीब 2 घंटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा रहा,कन्नाौद थाना पुलिस के मुताबिक इरशाद पिता जब्बार खां (27), चांद पिता इस्माइल खां (48) एवं आशिक पिता यासीन खां (26) सभी निवासी ग्राम टाकलीखेड़ा बाइक (एमपी 41-एमडी 7989) से खातेगांव मजदूरी करने जा रहे थे। बाइक चांद खां चला रहा था। इसी दौरा सुबह करीब 8.30 बजे लोवंशी ढाबे के सामने खातेगांव की ओर से आ रहे ट्रक (एमपी 09-एचएच 9092) के चालक ने तेजगति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि इरशाद एवं चांद खां की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आशिक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक एवं हेल्पर उतरकर भाग गए।
आक्रोशित भीड़ ने लगाई ट्रक में आग
पुलिस के अनुसार हादसा टांकलीखेड़ा के बिलकुल पास ही हुआ। तीनों बाइक सवारों के साथ ही एक अन्य बाइक पर रियाजुद्दीन पिता नसरूद्दीन (46) और रईस भी खातेगांव जा रहे थे। यहां रियाजुद्दीन का कारखाना है। हादसे के समय चांद खां की बाइक आगे चल रही थी जबकि फरियादी पीछे था। इसी दौरान ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। उधर गांव के पास ही हादसा होने से मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए। शव देख परिजन बदहवास हो गए और आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। उधर सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल आशिक को इलाज के लिए खातेगांव अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हरदा रैफर कर दिया गया। जबकि इरशाद एवं चांद के शव को कन्नाौद अस्पताल ले जाया गया।
एसडीएम और एसडीओपी ने संभाली स्थिति
उधर घटना की सूचना मिलते ही खातेगांव एसडीएम जीवनसिंह रजक एवं कन्नाौद एसडीओपी शेरसिंह भूरिया मौके पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को समझाकर स्थिति संभाली। रोड पर ट्रक जलने से करीब दो घंटे मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद रहा। सुबह करीब 10.30 बजे वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। पुलिस की सूचना पर कन्नाौद की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। हादसे में घायल हुए आशिक से कन्नाौद एसडीएम सीएस सोलंकी एवं खातेगांव एसडीएम रजक ने मुलाकात कर इलाज के लिए आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्ना धाराओं में केस दर्ज किया।
गांव में छाया मातम, जनाजे में जुटे हजारों लोग
ग्राम टाकलीखेड़ा के ग्रामीणों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली वैसे ही लोग पैदल दौड़ते हुए घटना स्थल पहुंचने लगे। कुछ ही देर में गांव में मातम छा गया। आसपास के गांव एवं नगरों में खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जनाजे में शामिल होने के लिए एकत्रित होने लगे। शाम करीब 4.45 बजे मृतक इरशाद व चांद को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में सभी धर्म के लोग मौजूद थे।
 ननासा के ग्रामीणों ने पकड़ा डंपर चालक को
डंपर चालक बाइक को टक्कर मारने के बाद तेजगति से खातेगांव की ओर डंपर लेकर भाग रहा था। सूचना मिलने पर ननासा के ग्रामीणों ने बस स्टैंड के पास डंपर रोककर चालक को पकड़ा। कन्नाौद पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!