
शिवपुरी। हरिवल्लभ शर्मा पुत्र रामचरण शर्मा उम्र 50 वर्ष निवासी सिद्धेश्वर कॉलोनी शिवपुरी ने साल 2009 में कुछ लोगों से रुपए उधार लिए थे। इसके बदले संबंधितों को अपने खाते का चेक थमा दिया था, लेकिन खातों में राशि नहीं होने की वजह से चेक बाउंस हो गए। वर्तमान में तीन मामले कोर्ट में विचाराधीन बताए जा रहे हैं। इनमें से शिक्षा विभाग शिवपुरी में पदस्थ एक चपरासी ने 80 हजार और दूसरे व्यक्ति ने 2 लाख रुपए हरिवल्लभ को उधार दिए थे। रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में भागवत कथा का आयोजन चल रहा था जिसमें मुख्य यजमान हरिवल्लभ शर्मा था। जैसे ही भागवत कथा का समापन हुआ, पुलिस ने मुख्य यजमान को पकड़ लिया। चेक बाउंस के मामले में पुलिस को उक्त व्यक्ति की फरार स्थायी वारंटी के रूप में तलाश थी। फिजिकल थाना पुलिस मंगलवार देर शाम शिवपुरी ले आई और बुधवार को न्यायालयीन कार्रवाई शुरू होने पर पेश किया। लालपुर गांव में भागवत कथा समापन के बाद जैसे ही पुलिस ने स्थायी वारंटी हरिवल्लभ शर्मा को पकड़ा, उस दौरान ग्रामीण भी कुछ नहीं समझ पाए। बाद में पुलिस ने आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की वजह बताई। धार्मिक आयोजन की वजह से पुलिस ने कुछ देर तक इंतजार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार स्थायी वारंटी अपने गांव आया है। चेक बाउंस के मामले में उक्त व्यक्ति डेढ़ साल पूर्व भी गिरफ्तार हो चुका है। उस समय सात स्थायी वारंट जारी हुए थे।
यहां बता दें कि हरिवल्लभ मूलत: ग्राम लालपुर के रहने वाले हैं। श्राद्ध पक्षों के चलते अपने पितरों के लिए हरिवल्लभ उज्जैन से गांव आए और भागवत कथा का आयोजन रखा। न्यायालय द्वारा तीन स्थाई वारंट जारी थे इसलिए पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की आरोपी अपने गांव आया है। पुलिस पहुंची और भागवत कथा का जैसे ही समापन हुआ, गिरफ्तार कर शिवपुरी ले आई।






Be First to Comment