Press "Enter" to skip to content

शिक्षिका ने इस बेरहमी से पीटा कि छात्र की आंखें हो गईं खराब,


जबलपुर। तिलवारा स्थित लिटिल वर्ल्ड स्कूल की एक शिक्षिका ने 10 साल के मासूम छात्र को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी आंखें खराब हो गईं। 21 दिसम्बर को हुई इस घटना को लेकर छात्र के माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने गोलमोल बातें करने के बाद शिक्षिका के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके कारण छात्र के परिजनों ने तिलवारा थाने पहुंचकर शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।

विजय नगर निवासी आशीष पचौरी ने बताया कि उनका बेटा जन्मजेय (10) लिटिल वर्ल्ड स्कूल में 5 वीं कक्षा में पढ़ता है। आशीष के अनुसार 21 दिसम्बर को 11.30 बजे सुबह उसके पास स्कूल से फोन आया था कि जन्मजेय की तबीयत अचानक खराब हो गई है। इसके बाद वे स्कूल पहुंचे तो जन्मजेय सिर पकड़कर बैठा हुआ था। जन्मजेय ने जैसे उसकी तरफ देखा और कहा कि पापा आप मुझे दो दिख रहे हो। आशीष ने बताया कि जन्मजेय की आंखों की पुतलियां अलग-अलग दिशाओं में थीं।

रोते हुए बताया मैडम ने पीटा है
आशीष के अनुसार उसके पूछने पर जन्मजेय ने बताया कि सुबह प्रार्थना के समय उसका एक सहपाठी से विवाद हो गया था। जिस कारण क्लास टीचर मैडम अमरजीत अरोरा ने उसके सिर में चांटा मारने के बाद डायरी मारी थी। इसके बाद से उसके सिर में दर्द होने लगा और वो क्लास में बैठकर रोता रहा। बाद में उसकी हालत देखकर मैडम अरोरा ने उसे दूसरे कमरे में बैठा दिया था।
इलाज कराओ हम कार्रवाई करते हैं 
आशीष के अनुसार बेटे की हालत देखकर वह दुखी हो गए और अमरजीत मैडम के खिलाफ प्राचार्य और प्रबंधन से शिकायत की। लेकिन स्कूल प्रबंधन ने कहा कि पहले आप बेटे का इलाज कराओ हम मैडम पर कार्रवाई कर देंगे।
सिर की नस दबने से आंखें हुईं खराब
आशीष के अनुसार 21 दिसम्बर को वह अपने बेटे को आई स्पेशलिस्ट डॉ. अखिलेश नेमा के पास ले गए। जहां डॉ. नेमा ने हेड इंजुरी होने की दलील देते हुए उसे डॉ. अनुपम साहनी के पास भेजा। डॉ. साहनी के बाद डॉ. वायआर यादव से बेटे का चेकअप कराया, डॉ. यादव ने बताया कि सिर में तेज चोट लगने के कारण मस्तिष्क की कोई नस दब गई है, जिसके कारण ऐसी हालत हुई है। शहर के इलाज से जब आशीष को तसल्ली नहीं हुई तो वह 24 दिसम्बर को मुंबई ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मैडम पर नहीं की कार्रवाई
आशीष ने बताया कि 2 जनवरी को स्कूल खुलने पर वह बेटे को लेकर स्कूल पहुंचे लेकिन प्रबंधन ने मैडम पर कार्रवाई करने से साफ मना कर दिया। जिसके कारण वह तिलवारा थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने शिकायत लेकर उसे लौटा दिया। गुरुवार को परेशान होकर वह एक बार फिर अपने रिश्तेदार और दोस्तों के साथ थाने पहुंचे, तब पुलिस ने मैडम अमरजीत अरोरा के खिलाफ धारा 294, 323, 336 के तहत एफआईआर दर्ज की।
नोटिस दिया, इंक्रीमेंट रोका
मैडम अमरजीत अरोरा को शोकॉज नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। उनका इंक्रीमेंट भी रोक दिया गया है। विभागीय टीम से जांच कराई जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। 
– चित्रांगनी अय्यर प्रीसिंपल, लिटिल वर्ल्ड स्कूल तिलवारा 
विजय नगर निवासी आशीष पचौरी के बेटे जन्मजेय के साथ मारपीट करने के आरोप में लिटिल वर्ल्ड स्कूल की शिक्षिका के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। 
– दीपक मिश्रा सीएसपी बरगी
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!