शिवपुरी। कलेक्टर तरूण राठी ने शिवपुरी विकासखण्ड के ग्राम गोपालपुर पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा कर बायरल बुखार एवं दर्द से पीडि़त मरीजों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सा दल को निर्देश दिए कि पीडि़त व्यक्तियों का समूचित उपचार करें।
राठी ने अधिकारियों के साथ गांव का भ्रमण कर गांव में संग्रहित हुए पानी को त्वरित खाली कराने के संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुरम डालने को कहा। उन्होंने गांव के बड़ीबाखर मोहल्ले में बंद पड़े हेण्डपम्प को राइजर पाईप बढ़ाने के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
राठी ने इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य शिविर का भी अवलोकन कर चिकित्सकों एवं पैरामेडीकल स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों का समूचित उपचार करें। घरों में जा जाकर सर्वे कर मलेरिया के लार्वा के विनिष्टीकरण की भी कार्यवाही कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से अपने आसपास सफाई रखने, पानी को ढक्कर उपयोग करने, मच्छरदानी आदि का उपयोग करने की भी सलाह दें। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी, हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी विभिन्न पेंशनों का लाभ, खसरा-खतौनी के नकलों का वितरण, राजस्व प्रकरणों का निराकरण की भी जानकारी ली।
बॉक्स
सतनवाड़ा स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री राठी द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र सतनवाड़ा का भी अवलोकन कर मरीजों से चर्चा कर केन्द्र के माध्यम से मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉक्टर ने बताया कि केन्द्र में प्रतिदिन 5 संस्थागत प्रसव किए जा रहे है। लगभग 70 मरीजों को प्रतिदिन नि:शुल्क दवाओं का भी वितरण किया जा रहा है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एम.एस.सगर, लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री एस.एल.बाथम आदि अधिकारी साथ थे।
बॉक्स
गोपालपुर पटवारी निलंबित
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर तरुण राठी को ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया उन्होंने अभी तक पटवारी की शक्ल तक नहीं देखी है। पटवारी के गांव में न आने के कारण उन्हें अभी तक खसरा खतौनी, नकल आदि नहीं मिल पाए हैं। कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गांव के पटवारी महेन्द्र भार्गव को तत्काल निलंबित करने के निर्देश भी दिए। ग्रामीणों ने बताया कि पटवारी महेन्द्र भार्गव का 6 माह पूर्व गोपालपुर में स्थानांतरण हुआ था, लेकिन इसके बाद से वह एक भी दिन गांव में नहीं आए।
बॉक्स
स्कूलों का किया निरीक्षण
कलेक्टर तरूण राठी ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय आनंदपुरा और प्राथमिक विद्यालय सेंवढ़ा का भी अवलोकन कर बच्चों से मध्यान्ह भोजन, पाठ्यपुस्तकों का वितरण, गणवेश वितरण आदि के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कक्षा 3 की छात्रा कु.सोनम एवं अन्य छात्र से गणित के जोड़ भी कराए, छात्रा की सराहना की। निरीक्षण के दौरान शा.प्राथमिक विद्यालय आनंदपुरा में पदस्थ दोनों शिक्षक और सेंवढ़ा में पदस्थ पांचो शिक्षक उपस्थित पाए गए। राठी ने इस दौरान पंचायत भवन का अवलोकन करते हुए पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि पंचायत भवन की पुताई एवं साफ-सफाई का कार्य कराए। उन्होंने इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि दो नवम्बर से पुन: जिले में पीसीओ गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से चर्चा कर विभिन्न पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी प्राप्त करेंगे।






Be First to Comment