जबलपुर। नए साल में नगर सरकार एक नई पहल शुरू करने जा रहा है। सदन एक ऐसी बैठक करने की तैयारी में है जिसमें पार्षद सिर्फ शहर विकास की बात करेंगे। कोई भी नकारात्मक बात पर चर्चा नहीं होगी। इस बैठक में जो भी बेहतर सुझाव या प्रस्ताव आएंगे, उन्हें आगामी बजट में भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए विपक्ष भी सिद्धांततः तैयार हो गया है।नगर सरकार तीन बजट पेश करने के बाद अब चौथे बजट में शहर के सभी पार्षदों के प्रस्तावों को शामिल करना चाहती है। इसी वजह से नए साल में नो निगेटिव बैठक करने की तैयारी कर रही है। अब सभी पार्षदों को इस बात के लिए तैयार किया जा रहा है कि वे उसमें न किसी प्रकार की नकारात्मक चर्चा करेंगे और न ही हंगामा करेंगे। उस एक दिन सिर्फ शहर विकास की बात होगी। सुझाव तथा प्रस्ताव दिए जाएंगे ताकि नगर सरकार उन्हें बजट में शामिल कर उन पर अमल कर सके।
सर्वसम्मति से पारित होते हैं बजट
नगर सरकार शुरू से ही विपक्ष को लेकर चल रही है। इसी वजह से सदन की बैठक में हंगामा कम और आपसी सहमति ज्यादा रहती है। विपक्ष की सहमति के दम पर ही नगर सरकार लगातार 3 बजट सर्वसम्मति से पारित कर चुकी है जो अपने आप में एक रिकार्ड है।
बड़े-बड़े मुद्दे सहमति से सुलझे
नगर निगम में पक्ष-विपक्ष ने बड़े-बड़े मुद्दों को सहमति से सुलझाया है। इतना ही नहीं स्मार्ट सिटी सहित कई प्रस्ताव ऐसे रहे जब नगर सरकार के कहने पर विपक्ष ने अपनी सहमति भी दी है ताकि शहर का विकास हो सके।
वर्जननए साल के लिए ऐसा सुझाव बनाया है। इस पर विपक्ष से बात करनी है। इस बैठक में किसी प्रकार की नकारात्मक सोच वाली बात नहीं होगी न ही हंगामा होगा। पार्षद शहर विकास को लेकर अपने-अपने सुझाव दे सकते हैं, उन पर अमल किया जाएगा।
–स्वाति गोडबोले, महापौर
नगर सरकार यदि ऐसी बैठक करना चाहती है तो हम तैयार हैं। सभी पार्षद अपने-अपने सुझाव देंगे कोई भी नकारात्मक बात नहीं करेगा, लेकिन महापौर पिछली बैठकों में जो निर्णय हुए हैं उन पर भी तो अमल होना चाहिए।
–राजेश सोनकर, नेताप्रतिपक्ष




Be First to Comment