जबलपुर।कटनी के सलैया रेलवे स्टेशन से चोरी हुई रेल पटरियां की चोरी में शामिल रद्दी चौकी निवासी कबाड़ी शमीम के घर में होने की सूचना रविवार सुबह मिली। आरपीएफ कटनी और जबलपुर के प्रभारियों ने टीम के साथ शमीम के घर की घेराबंदी करते हुए दबिश दे दी। दबिश के दौरान घर के हर एक कोने में तलाशी ली गई। इसके बाद शमीम के रद्दी चौकी और अन्य कबाड़खानों में छापा मारा गया। जहां से कुछ दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। हालांकि कबाड़ी नहीं मिला। जबकि आरपीएफ को पुख्ता सूचना मिली थी कि कबाड़ी घर में ही है। अब यह भी आशंका है कि आरोपी शमीम घर से भाग निकला हो। आरपीएफ उसके परिजन और रिश्तेदारों से उसके संभावित ठिकानों के बारे में भी पतासाजी कर रही है।
यह है मामला
रेलवे की पटरियां चोरी होने के मामले में आरपीएफ ने कछपुरा के सीनियर सेक्शन इंजीनियर पीडब्ल्यूआई वसीम राजा खान को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में वसीम ने सागर के कांट्रेक्टर बिट्टू और जबलपुर शहर के कबाड़ी शमीम का नाम बताया था। आरोपी वसीम कछपुरा से देवरी स्टेशन का प्रभार संभाल रहा है, जबकि इसके पहले वह कटनी-बीना खंड में पदस्थ था। कटनी-दमोह रेल मार्ग पर रेल ट्रैक किनारे रखे लॉट में से 100 टन लोहा चोरी हो गया। चोरी की शिकायत मिलते ही आरपीएफ ने मजदूर लगाकर लोहा उठाने में शामिल मजदूर ठेकेदार जीतू राय को सागर से और रेल इंजीनियर पीडब्ल्यूआई वसीम राजा खान को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी कांट्रेक्टर सागर निवासी बिट्टू और कबाड़ी शमीम समेत अन्य का नाम सामने आया था। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आरोपी वसीम रजा खान ने पूछताछ में बताया था कि चोरी लगभग एक साल से खुलेआम चल रही है।




Be First to Comment