कलेक्टर एवं विधायक से शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

खनियांधाना से सचिन मोदी की रिपोर्ट, खनियांधाना , खनियाधाना नगर की करीब 20 हजार की आबादी सहित जनपद के 101 ग्राम पंचायतों के लोग इन दिनों आधार कार्ड नहीं बनने से काफी परेशान घूम रहे हैं । शासन ने सभी सरकारी योजनाओं सहित हर कार्य में आधार कार्ड आवश्यक कर दिया है तथा शासन द्वारा सभी योजनाओं में आधार कार्ड मांगा जा रहा है जिसके चलते हर आदमी को आधार बनवाना जरूरी हो गया है जिसके चलते जिन लोगों के आधार कार्ड अभी तक नहीं बने हैं वह परेशान हो रहे हैं । नगर में कोई भी अधिकृत आधार कार्ड का सेंटर नहीं होने से लोग शासकीय योजनाओं का लाभ लेने से वंचित बने हुए हैं वहीं जुलाई से प्राइवेट तथा सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए बच्चों को आधार कार्ड आवश्यक होने से अभिभावकों को भी परेशानी आ रही है ।
जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों सरकार ने निजी आधार कार्ड सेंटरों को बंद करते हुए प्रत्येक मुख्यालय पर सरकारी विभाग द्वारा आधार कार्ड बनाने के आदेश जारी किए थे । जिसके अंतर्गत खनियाधाना तहसील मुख्यालय सहित डाकघर में भी नए आधार कार्ड बनाने तथा पुराने आधार कार्ड अपडेट कराने का कार्य शुरू होना था लेकिन आज तक यह शुरू नहीं हो सका है ।
नगर में केवल एक दुकान बस स्टैंड तालाब रोड पर है जो आधार कार्डों को बनाने का काम कर रहा है लेकिन वहां भी दोपहर 3 बजे के बाद आधार कार्ड बनना शुरू होते हैं जिससे दूर दराज से ग्रामीणों को पूरा दिन सिर्फ आधार कार्ड बनवाने के लिए बैठना पड़ता है यही नहीं रोज-रोज हो रही बिजली कटौती तथा नेटवर्क प्रॉब्लम के कारण एकमात्र दुकान पर भी प्रतिदिन आधार कार्ड नहीं बन रहे वह भी सप्ताह में एक – दो दिन ही बन पा रहे हैं जिससे लोग भारी परेशान हैं।
क्योंकि आधार कार्ड शासन की अति महत्वाकांक्षी योजना है जिसमें नगर के कई कियोस्क सेंटर सहित बड़े-बड़े गांवों में आधार कार्ड बनाने का कार्य दिया जाना चाहिए था जिससे नागरिक परेशानी में मनमानी का शिकार ना हो सके इसके पहले बीआरसी कार्यालय में छात्र छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधार कार्ड बनवाना शुरू किया गया था लेकिन वहां नियुक्त ऑपरेटर ने मशीन खराब होने की बात कहकर कार्य बंद कर दिया ।

डाकघर में नहीं बन रहे आधार कार्ड
शासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जिला मुख्यालय सहित सभी उप डाकघरों में आधार कार्ड बनाने की घोषणा की थी जिसके चलते शिवपुरी पिछोर सहित कई जगह तो डाकघरों में आधार कार्ड बनना शुरू हो गए हैं लेकिन खनियाधाना में विभाग द्वारा अपने कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने के बावजूद तथा मशीनें उपलब्ध कराने के बावजूद भी आज तक आधार कार्ड बनने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है इस संबंध में जब खनियाधाना उप डाकघर के डाकपाल से संपर्क किया तो उनका कहना था कि विभाग द्वारा हमें इसकी ट्रेनिंग को दी गई है लेकिन अभी तक आवश्यक मशीनरी उपलब्ध नहीं कराई गई हैं एकमात्र व्यक्ति की पोस्टिंग होने के चलते वह दैनिक के डाकघर के कार्य करेगा अथवा आधार कार्ड बनाएगा । जब तक आधार कार्ड के लिए कोई दूसरा व्यक्ति पदस्थ नहीं होगा डाकघर में आधार कार्ड बनना फिलहाल संभव नहीं दिख रहा है
गर्भवती तथा बीमार महिलाएं भी हो रही हैं परेशान
नगर की एकमात्र आधार कार्ड सेंटर पर जब हमारी टीम ने दौरा किया तो एक गर्भवती बीमार महिला बाहर बैठी थी तथा लिंक नहीं होने के कारण तथा ऑपरेटर नहीं आने के कारण सुबह से वह परेशान थी ग्राम राजापुर की इस महिला ने बताया कि वह पिछले 6 – 7 दिनों से रोज आधार कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काट रही है लेकिन रोज़ कोई ना कोई परेशानी बता कर उसका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है ।
इनका कहना है
खनियाधाना में आधार कार्ड नहीं बन रहे हैं यह निश्चित ही गंभीर समस्या है । पहले हमने बीआरसी कार्यालय द्वारा किसी गौरव गुप्ता को अधिकृत किया था लेकिन उसके काम छोड़ देने से फिर यह समस्या खड़ी हो गई है । इस संबंध में मैं स्वयं एसडीएम साहब से चर्चा कर कोशिश करूंगा कि नगर में कम से कम तीन स्थानों पर आधार कार्ड बनवाने का कार्य शुरू हो सके
कैलाश चंद्र मालवीय
प्रभारी तहसीलदार , खनियांधाना







Be First to Comment