Press "Enter" to skip to content

चेक–रसूख नहीं आया काम, सड़क पर रखी रेत-गिट्टी जब्त कर ही लौटा निगम का अमला,


जबलपुर। अतिक्रमण और सड़क किनारे मलबा फैलाने वालों के खिलाफ चल रहे अभियान में नगर निगम ने शनिवार को चंडाल भाटा से 10 डंपर रेत जब्त की। इसके अलावा मालवीय चौक, सिविक सेंटर, चंडाल भाटा सहित कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई।नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राजवीर सिंह नयन ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत अन्याक्रांति विभाग ने शनिवार की सुबह चंडाल भाटा रोड में रखी निर्माण सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई की। कार्रवाई शुरू होते ही उन मकान मालिकों में हड़कंप मच गया जिनकी रेत, गिट्टी सड़क पर रखी थी। लोगों ने पहले तो निगम अमले से झगड़ना शुरू किया, लेकिन जब मामला नहीं बना तो इधर-उधर फोन लगाकर कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की, लेकिन निगम अमला नहीं माना और करीब 10 डंपर रेत जब्त करके ही लौटा। कार्रवाई के दौरान दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी, राजू रैकवार, बमबम तिवारी, नरेन्द्र कुशवाहा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
अस्थाई शेड निकाले
निगम अमले ने सुबह के समय सिविक सेंटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अमले ने वंदना टॉकीज के आसपास लगे अस्थाई टीन शेडों को निकाला। इसके अलावा जो अतिक्रमण मिले उन पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान व्यापारियों और निगम अमले के बीच झड़प भी हुई, लेकिन निगम के अमले ने कार्रवाई नहीं रोकी।
ठेला-टपरे किए जब्त
अन्याक्रांति विभाग की टीम ने सिविक सेंटर, मालवीय चौक और चंडाल भाटा से पान के टपरे भी जब्त किए। दिनभर में करीब एक दर्जन से ज्यादा टपरे जब्त कर निगम के स्टोर रूम में पहुंचाए गए। कुछ टपरों को स्थायी रूप से तोड़ा भी गया।
कॉरिडोर के अतिक्रमण हटे
सिविक सेंटर के कॉरिडोर में शनिवार को भी बुलडोजर चला। कॉरिडोर के भीतर जितने भी अतिक्रमण थे उन्हें हटाने के अलावा अमले ने अलग से किए गए निर्माणों को भी तोड़ने की कार्रवाई की। एक दिन पहले भी कॉरिडोर में हुए निर्माण तोड़े गए थे।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!