जबलपुर। अपने-अपने हुक्का बार बंद कर लो… वरना थाने में बंद कर दिए जाओगे। शहर में हुक्का बार संचालित करने वालों को ये अल्टीमेटम पुलिस ने दिया है। गुरुवार से पुलिस हुक्का बार में दबिश देकर सख्त कार्रवाई करेगी। एसपी शशिकांत शुक्ला के इस निर्देश पर बुधवार को ओमती, कैंट और गोरखपुर थाना क्षेत्रों में संचालित होने वाले 6 हुक्का बार संचालकों को थाना प्रभारियों ने खुद पहुंचकर चेतावनी दी।
मुंबई में अग्निकांड के बाद सख्ती
29 दिसंबर की रात मुंबई में एक बर्थ-डे पार्टी के दौरान हुए भीषण अग्निकांड में 14 लोगों की जलने से मौत हो गई थी। इस मामले की जांच में पाया गया कि जिस बिल्डिंग में पार्टी चल रही थी, वहां अवैध रूप से हुक्का बार का संचालन हो रहा था। हादसे के पीछे हुक्का बार की आड़ में युवाओं को नशा परोसने की बात भी सामने आई थी। इस घटना के बाद हिन्दूवादी संगठनों ने शहर में संचालित हुक्का बारों को लेकर ज्ञापन सौंपा था।फ्लेवर के आड़ में लगाते हैं जहरीले नशे की लतदेश में एक दौर था जब हुक्का को रसूख से जोड़कर देखा जाता था। बाद में सिगरेट का चलन बढ़ने के कारण यह कुछ इलाकों में सिमटकर रह गया। लेकिन विदेशों में हुक्का का चलन बढ़ते ही देश में भी नशे के सौदागरों ने इसे अलग-अलग फ्लेवर में युवाओं को परोसना शुरू कर दिया। हुक्का बार संचालक किसी तरह नशीले पदार्थ का उपयोग न करने का वादा कर प्रशासन से अनुमति ले लेते हैं। लेकिन बाद में स्मैक, अफीम और चरस जैसे नशीले पदार्थों को हुक्का में परोसने लगते हैं। जबलपुर में पिछले कुछ सालों में हुक्का बार का चलन तेजी से बढ़ा है। शहर में पिछले दो साल में 6 हुक्का बार खुले, जिसमें ओमती क्षेत्र में 3, गोरखपुर में 2 और कैंट सदर में 1 हुक्का बार संचालित हो रहा है। यहां दिनभर युवाओं के साथ स्कूली छात्रों का जमावड़ा भी लगा रहता है। शहर में 6 हुक्का बार संचालित होने की जानकारी मिली है। संबंधित थाना प्रभारियों को उन जगहों पर भेजकर तत्काल सभी हुक्का बारों को बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार से कोई हुक्का बार संचालित होता मिला तो उसके संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जीपी पाराशर, एएसपी शहर पूर्व




Be First to Comment