
मुरैना। आर्मी व पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे पांच युवकों को गलत दिशा से आई एक कार ने रौंद दिया, जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक को ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने कार व उसमें सवार दो लोगों को पकड़ लिया, लेकिन तीसरा भाग निकला। हादसा शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे माता बसैया थाना के तहत जींगनी गांव के पास हुआ।जींगनी गांव का जितेंद्र (18) पुत्र रामसेवक गुर्जर अपने ममेरे भाई गौरव (18) पुत्र बलराम सिंह, भतीजे राहुल (18) पुत्र राजबीर, चचेरे भाई पूरन सिंह व गांव के शिवम (19) पुत्र ओमप्रकाश कुशवाह के साथ शनिवार सुबह दौड़ने जा रहे थे। सभी सड़क किनारे अन्य साथियों का इंतजार कर रहे थे और आग ताप रहे थे। तभी मुरैना से अंबाह की ओर जा रही कार क्रमांक एचआर 12 एचवी 8500 तेज गति से आई।गांव के पास आकर उसका संतुलन खराब हुआ और उल्टी दिशा में जाकर युवकों को रौंद दिया। इसके बाद ड्राइवर ने कार को भगाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया। हालांकि कार सवार एक व्यक्ति भागने में सफल हो गया। घटना के बाद घायल पांचों युवकों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां पर गौरव व जितेंद्र की हालत खराब होने से उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया लेकिन जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। वहीं गौरव को ग्वालियर के बिड़ला अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा गया है। गौरव के फूफा पूर्व सरपंच इंद्रजीत सिंह का कहना है कि गौरव की हालत खराब है। उसे दिल्ली ले जाना पड़ सकता है। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है।






Be First to Comment