जनपद खनियाधाना के आधा सैकड़ा गाँवों में तालाब गहरीकरण का मामला
जनपद अध्यक्ष ने स्वयं गांव गांव जाकर देखी हकीकत , शिकायत के बाबजूद कोई कार्यवाही नहीं
खनियाधाना ( शिवकांत सोनी )। खनियाधाना वारिश का पानी सहेजने के लिए जनपद पंचायत खनियाधाना के अंतर्गत करीब आधा सैकड़ा ग्राम पंचायतों में इन दिनों तालाब गहरीकरण का काम चल रहा है लेकिन अधिकांश गाँवों में मजदूरों से काम ना कराकर इसे ट्रैक्टर , जेसीबी मशीनों से कराया जा रहा है जिससे शासन की महत्वपूर्ण ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को जमकर पलीता लगाया जा रहा है । हालत यह है कि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गेंदारानी प्रहलाद सिंह यादव द्वारा कई स्थानों पर स्वयं जाकर ऐसे कार्यो की शिकायत की गयी है लेकिन आज भी कई ग्रामो में ये धड़ल्ले से जारी है ।
जानकारी के मुताबिक शासन द्वारा ग्रामीणों को रोजगार देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम बनाया गया है , जिसके अंतर्गत ग्राम पंचायत में रहने वाले बेरोजगार , अकुशल जॉब कार्ड धारी मजदूरों को वर्ष में कम से कम 100 दिन के रोजगार देने के लिए ग्राम पंचायत के द्वारा होने वाले निर्माण कार्यो में लगाकर माँजदूरी दी जाती है लेकिन ग्राम पंचायत के सरपंच , सचिव अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए अधिकारियों व सब इंजीनियर की मिलीभगत से मजदूरों की जगह मशीनों से काम करा रहे हैं । जिसके लिए फर्जी मस्टर रोल तैयार करा कर काम शुरू होने से पहले ही भुगतान निकाल लिया जाता है तथा बाद में मशीनों से फटाफट काम किया हुआ दिखा दिया जाता है । ऐसा ही एक मामला ग्राम पंचायत पीपलखेड़ा में सामने आया जहाँ तालाब मरम्मत एवं जीर्णोद्धार दादावारी तलैया के निर्माण जो कि 4.18 लाख की लागत का प्राक्कलन है जिसकी शिकायत मिलने पर जनपद अध्यक्ष स्वयं अपने साथ जनपद सीईओ को लेकर 6 जून को गए व संयुक्त भ्रमण के दौरान मौके पर जेसीबी मशीन व चार ट्रैक्टरों द्वारा बिना किसी तकनीकी मापदंड के अनुसार किया जाना पाया गया था जो कि मजदूरों के साथ धोखाधड़ी एवं शासन की योजनाओं पर सीधा कुठाराघाट है जिसके संबंध में आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी । जनपद अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने आज भी जनपद के ग्राम पंचायत विशुनपुरा के बुढानपुर के झटेरा तालाब का दौरा किया तो वहाँ भी मशीनों द्वारा बिना किसी तकनीकी मापदंड के कार्य चलते मिला । जबकि इसी ग्राम में चंदेरी रोड से विशुनपुरा की ओर डाले जा रहे ग्रेबल रोड का काम भी ट्रैक्टर व जेसीबी द्वारा किया जाता मिला । साथ ही भरसूला ग्राम में भी मशीनों द्वारा कार्य होते मिला । ग्राम निवोदा में तालाब मरम्मत का मस्टर जारी होने के वाबजूद धरातल पर कोई कार्य होते नहीं दिखाई दिया जिससे स्पष्ट है कि जल्दी ही मशीनों से काम करा कर भरपाई कर दी जायेगी , उन्होंने कहा कि एडवांस में ही मस्टर जारी हो रहे हैं जो कि मनरेगा के मजदूरों के साथ खिलवाड़ हो रहा है जिसकी यदि प्रशासन जांच कराये तो सामने आ जाएगा कि कौन सा काम मजदूरों ने किया है व कौन सा काम मशीनों से हुआ है । अधिकारियों की अनदेखी के चलते सरपंच , सचिव व सहायक सचिव द्वारा नियमों को ताक पर रखकर मशीनों से कार्य कराया जा रहा है ।
इनका कहना है :-
(1) पंचायतो को कुछ ही कार्य मशीनों से कराने की अनुमति दी गयी है यदि तय मानक से ज्यादा कार्य मजदूरों की जगह मशीनों से कराया जा रहा है तो हम कार्यवाही करेंगे , ग्राम पीपलखेड़ा में हमने खुद जाकर स्थिति देखी है जिस पर उचित कार्यवाही की जा रही है लेकिन सभी जगह ऐसा हो रहा है ये बात सही नहीं है
बी. एस. हंस सीईओ , जनपद पंचायत खनियाधाना
(2) शासन की महत्वपूर्ण योजना जिससे हमारे क्षेत्र के हजारो लोगों को रोजगार मिलता , उसमें मशीनों से काम कराने की जानकारी के बाद हमने स्वयं जायजा लिया है तथा अधिकाँश स्थानों पर यही सब चल रहा है जिसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की है यदि प्रशासन तुरंत जांच कराये तो अभी भी हजारों लोगों को पुनः रोजगार मिल सकता है
श्रीमती गेंदारानी प्रहलाद सिंह यादव अध्यक्ष जनपद पंचायत , खनियाधाना






Be First to Comment