बहू विदा कराकर लाने के बाद खाना बनाते समय हुआ हादसा
शिवपुरी। सिटी कोतवाली अंतर्गत आने वाले आर्य समाज रोड इलाके में भाजपा के जनसंपर्क कार्यालय के पास रहने वाले एड. मांगीलाल गुप्ता के घर सिलेण्डर लीक होने से आग लग गई। इस आग से पूरे घर में धुआं भर गया जिससे अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एडव्होकेट परिवार में बीती रात शादी के उपरांत बहू विदा कराकर लाने के बाद खाना बन रहा था इसी दौरान सिलेण्डर से गैस लीक हो गई और जिसे गैस चूल्हे ने पकड़ ली। घटना की सूचना तत्काल ही पुलिस कंट्रोल के माध्यम से फायर बिग्रेड को दे दी गई, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी फायर बिग्रेड देरी से आई। अच्छी बात यह रही कि इस आगजनी के दौरान सिलेण्डर नहीं फटा यदि सिलेण्डर फट जाता तो यह घटना काफी बड़ी हो सकती थी क्योंकि घर में शादी का माहौल होने के कारण काफी रिश्तेदार भी जमा थे।
तीन दमकल, 6 कर्मचारी सब साधन विहीन
शहरी क्षेत्र एवं शहर से सटे हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लिए शिवपुरी शहर में तीन दमकल हैं। तीनों ही दमकल लगभग कंडम हालत में हैं और इन दमकलों को इस्तेमाल करने के लिए इन पर 6 कर्मचारी तैनात हैं। न तो दमकल ठीक है और न ही कर्मचारी साधन संपन्न, बस दमकल के नाम पर जो कुछ है वह है आगजनी में अपनी महज उपस्थिति दर्ज कराने तक का साजो सामान जिसकी वजह से कहीं पर आग लगने पर यह दमकल महज शोपीस बनकर आगजनी वाले परिवार एवं उनके शुभचिंतकों में आक्रोश का माहौल खड़ा करने के अलावा कोई काम नहीं कर पाती। क्योंकि आगजनी घटना के दौरान जहां परिजनों एवं उनके शुभचिंतकों को लगता है कि फायर बिग्रेड आएगी और तुरंत आग पर काबू पा लेगी, लेकिन जब वह आती है और आग पर काबू पाने में अक्षम दिखती है तो यह सिर्फ उनमें आक्रोश बढ़ाने का ही काम करती है।
एक दमकल कोतवाली में खड़ी किए जाने की आवश्यकता
नई व्यवस्था के तहत शहर की दमकल गाडिय़ों को शिवपुरी शहर से बाहर बने नए कंट्रोल रूम पर खड़ी करने की व्यवस्था की गई है जिसकी वजह से आगजनी की घटना होने पर सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम देना पड़ती है जिसमें काफी समय खराब हो जाता है और दमकल को आने में भी समय लगता है इसलिए इस घटना के दौरान भी दमकल को आने में तकरीबन 45 मिनिट का समय लगा तब तक काफी समय बीत चुका था। घटनाक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने इस घटनाक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि तीन में से एक फायर बिग्रेड को हर समय शहर के बीचों बीच स्थित कोतवाली परिसर में खड़ा कराया जाना चाहिए जिससे शहरी क्षेत्र में होने वाली आगजनी पर तुरंत पहुंचकर काबू पाया जा सके।






Be First to Comment