
शिवपुरी विधानसभा सीट के लिए भी रायशुमारी के दौरान कई नाम एकाएक चर्चा में आए
शिवपुरी। शिवपुरी जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी में मंगलवार को प्रत्याशी चयन को लेकर रायशुमारी की गई। रायशुमारी का यह काम मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला में हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भोपाल से रायशुमारी के लिए वरिष्ठ नेतृत्व ने पार्टी के नेता दिलीप पटेरिया और रायसिंह सेंधा को शिवपुरी में रायशुमारी के लिए भेजा है। मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला में एक कमरे में इन दोनों वरिष्ठ नेताओं ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और मंडल के नेताओं से चर्चा की और उनसे संबंधित विधानसभा क्षेत्र से तीन-तीन नाम पैनल के रूप में मांगे। सबसे पहले करैरा विधानसभा सीट के लिए रायशुमारी हुई इसके बाद कोलारस, पिछोर, शिवपुरी और पोहरी के लिए रायशुमारी हुई। रायशुमारी को लेकर टिकट चाहने वाले नेता पार्टी कार्यकर्ताओं से अपना नाम देने के लिए गुजारिश करते हुए नजर आए।
शिवपुरी में कई नाम रायशुमारी में चर्चा में आए
शिवपुरी विधानसभा सीट के लिए सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं की मांग खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की रही। रायशुमारी के दौरान यशोधरा राजे सिंधिया के अलावा भाजपा से टिकट की लाइन में ओमी जैन, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, भरत अग्रवाल, मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजू बाथम सहित और भी कई नाम रायशुमारी के दौरान चर्चा में रहे।
रायशुमारी में इनके नाम आए सामने
1 – करैरा – करैरा विधानसभा से सबसे ज्यादा चर्चा में नाम पूर्व विधायक रमेश खटीक का सामने आया है। रमेश खटीक की जोरदारी से कई कार्यकर्ताओं ने पैरवी की। इसके अलावा ओमप्रकाश खटीक का भी नाम कई लोगों ने लिया।
2- कोलारस – इस विधानसभा सीट के लिए पूर्व विधायक देवेंद्र जैन उनके छोटे भाई जितेंद्र गोटू और पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, आलोक बिंदल के नाम चर्चा में रहे।
3 – पिछोर – पिछोर विधानसभा सीट से प्रीतम लोधी, नरेंद्र बिरथरे, राघवेंद्र शर्मा, के नाम प्रमुख तौर से रायशुमारी के दौरान सामने आए।
4 – पोहरी-इस सीट पर रायशुमारी में विधायक प्रहलाद भारती का नाम चर्चा में रहा। इसके अलावा नरेंद्र बिरथरे, दिलीप मुदगल सहित दूसरे लोगों के नाम भी चर्चा में आए।
5 – शिवपुरी- इस विधानसभा सीट से सबसे ज्यादा खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को टिकट देने की मांग रायशुमारी के दौरान उठी। यशोधरा राजे के अलावा ओमी जैन, पूर्व विधायक माखनलाल राठौर, भरत अग्रवाल, राजू बाथम सहित दूसरे नाम भी रायशुमारी में सामने आए हैं।






Be First to Comment