Press "Enter" to skip to content

एक्टिव मोड में आई कांग्रेस: लहार के बाद अब चुरहट में जुटेंगे कांग्रेसी दिग्गज

भोपाल।   मध्यप्रदेश में लंबे वनवास पर चल रही कांग्रेस अब सत्ता वापसी के लिए अपनी जमीन तैयार करने में जुट गई है। भिंड के लहार में सम्मेलन के बाद सीधी जिले के चुरहट में किसान महापंचायत में भी कांग्रेस के सभी दिग्गज एक साथ एक मंच पर एकजुटता दिखाएँगे। कांग्रेस की एकजुटता देख कार्यकर्ताओं में उत्साह है, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने 15 साल के राजनीतिक जीवन में पहली बार अजय सिंह के विधानसभा क्षेत्र चुरहट जा रहे हैं।  कई मायने में यह महापंचायत ऐतिहासिक होगी। अब तक बिखरी-बिखरी सी कांग्रेस नए अंदाज में दिखाई दे रहे है और सभी खेमे अब समाप्त होते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस के लगातार ऐसे बड़े आयोजन सरकार के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं। वहीं कांग्रेस अब किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरने का कोई मौका छोड़ना नहीं चाह रही है और हर आयोजन में सरकार पर जमकर भड़ास निकाली जा रही है। 
कांग्रेसी दिग्गजों ने सोमवार को ही लहार में एकजुटता का संदेश दिया है। अब बुधवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के विधानसभा क्षेत्र चुरहट में होने वाली किसान महापंचायत में भी कई दिग्गज पहुंचेंगे। इसमें सिंह के साथ सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव आदि शामिल होंगे।
नेता प्रतिपक्ष  अजय सिंह ने कहा कि भाजपा शासन के किसान विरोधी और मुख्यमंत्री की कथनी-करनी में अंतर से पूरे प्रदेश में जनता, किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों और मजदूरों में व्यापक आक्रोश है। इसके खिलाफ कांग्रेस ने संघर्ष करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में किसान महापंचायत आयोजित की जा रही है। सिंह ने कहा कि अब प्रदेश में भाजपा राज की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लहार के बाद चुरहट में विंध्य की जमी से भाजपा सरकार के खिलाफ शंखनाद होगा।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!