Press "Enter" to skip to content

पूर्व विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने बांधे आम आदमी पार्टी की तारीफों के पुल, कहा-बुद्धजीवियों के बीच में कर रही राज, कहीं भविष्य में ….?

शिवपुरी। कोलारस विधानसभा में भाजपा से टिकिट के दावेदार पूर्व विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने ग्राम रामपुर चक्क में क्षत्रिय एकता महासभा के बैनर तले एससी एसटी एक्ट के विरोध में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंच से आम आदमी पार्टी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि आम आदमी जैसी पार्टी जिसने विश्व रिकॉर्ड कायम किया। 70 में से 67 जीतकर राज्य किया और वर्तमान में उसका शासन दिल्ली में चल रहा है। जहां पर पूरे बुद्धिजीवियों का निवास होता है। श्री रघुवंशी ने कहा कि मैं सभी राजनीतिक पार्टियों और सभी जनप्रतिनिधियों से कहना चाहता हूं कि समाज में अन्याय किसी के साथ न हो और अन्याय का विरोध होना ही चाहिए, फिर चाहे वह कोई भी पार्टी हो। 
यहां उल्लेख करना प्रासंगिक होगा कि वीरेन्द्र रघुवंशी कांग्रेस से उपचुनाव जीतकर  विधायक रह चुके हैं और 2013 में हुए विधानसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था, लेकिन जिस अभिलाषा से उन्होंने भाजपा का दामन थामा था वह उन्हें भाजपा से अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। हाल ही में कोलारस उपचुनाव में भी श्री रघुवंशी ने टिकिट की मांग प्रबलता से रखी, लेकिन अंदरूनी विरोध के चलते भाजपा आलाकमान ने उन्हें टिकिट से दूर कर दिया। इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव में वह दमदारी से टिकिट की मांग रखेंगे क्योंकि कोलारस क्षेत्र में उनका एक बड़ा वोट बैंक माना जाता है। 
अपुष्ट सूत्रों की मानें तो श्री रघुवंशी इस बार हर हाल में विधायक का चुनाव लडऩे के मूड़ में आए हैं फिर चाहे उन्हें भाजपा टिकिट दे या न दे तो भी। वीरेन्द्र राघुवंशी के वायरल वीडियो में जिस तरीके से वह आम आदमी पार्टी की तारीफ कर रहे हैं उससे राजनीतिक हल्कों में चर्चाएं हो रही हैं कि यदि भाजपा ने श्री रघुवंशी को टिकिट नहीं दिया तो वह आम आदमी पार्टी से भी मैदान में उतर सकते हैं। कुछ भी हो, लेकिन वीडियो ने कोलारस की राजनीति को जरूर गरमा दिया है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!